Tue. Apr 16th, 2024

बाहुबली नेता रामा सिंह की आरजेडी में एंट्री पर रोक

Bihar, Dec 09 (ANI): Former Deputy Chief Minister of Bihar and RJD leader Tejashwi Yadav along with senior leaders Raghuvansh Prasad Singh (2R) and others during party National Council meeting at hotel Maurya, in Patna on Monday. (ANI Photo)

Share this News

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह की नाराजगी को देखते हुए तेजस्वी यादव ने अपना फैसला बदल लिया है। तेजस्वी यादव ने बाहुबली नेता रामा किशोर सिंह उर्फ रामा सिंह की आरजेडी में एंट्री पर रोक लगा दी है। पिछले सप्ताह रामा सिंह के आरजेडी में शामिल होने की खबर आने के बाद रघुवंश प्रसाद ने आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। रामा सिंह ने रघुवंश प्रसाद को 2014 के लोकसभा चुनाव में हराया था, जिसके बाद से दोनों नेताओं के बीच तल्ख रिश्ते हैं।

 

रामा सिंह के आने की खबर से भड़के रघुवंश प्रसाद सिंह के पार्टी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफे से तेजस्वी यादव बैकफुट पर आ गए हैं। ताजा खबरों के अनुसार रामा सिंह को अब राजद में शामिल नहीं किया जाएगा । राजद नेता लालू यादव से रघुवंश सिंह की बातचीत के बाद सबकुछ साफ हो गया और अंततोगत्वा रघुवंश सिंह पार्टी पर भारी पड़े। इतना ही नहीं रघुवंश की नाराजगी के बाद अब रामा सिंह की राजद में आने की राहें फिलहाल ब्लॉक कर दी गई है। लोजपा छोड़कर राजद में आने का सपना संजोए रामा सिंह को सोमवार को ही पार्टी की सदस्यता ग्रहण करनी थी, लेकिन इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। रामा सिंह के राजद में आने की सूचना के बाद राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कड़ा विरोध जताया था और पार्टी के उपध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। रामा सिंह ने रघुवंश प्रसाद सिंह को लोकसभा के चुनाव में करारी शिकस्त दी थी। उसके बाद से इन दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की खाई बढ़ती ही जा रही थी।

रघुवंश प्रसाद जैसे अनुभवी नेता की नाराजगी को देखते हुए तेजस्वी यादव ने आनन-फानन में अपना फैसला बदल दिया और रामा सिंह को पार्टी में लेने से मना कर दिया है। हालांकि रामा सिंह ने कहा है कि आरजेडी की ओर से जब भी बुलावा आयेगा, मैं पार्टी ज्वाइन कर लूंगा। सूत्रों का कहना है कि आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बेटे तेजस्वी से कहा है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रघुवंश प्रसाद जैसे नेता की नाराजगी ठीक नहीं है। इसके बाद तेजस्वी यादव ने अपने फैसले को बदल लिया है।