Thu. Apr 18th, 2024

पार्टी सुप्रीमो से मिलने जा रहे दो राजद नेता की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत एक जख्मी

Share this News

पार्टी सुप्रीमो से मिलने जा रहे दो राजद नेता की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत एक जख्मी

बी.बी.एन-रितेश हन्नी

सहरसा – बिहार से राजद सुप्रीमो लालू यादव से मिलने रांची जा रहे पार्टी नेताओं की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस सड़क दुर्घटना में दो की मौत हो गई वहीं एक बुरी तरह घायल है। घटना बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसोत एमएच जीटी रोड की है। जहां अनियंत्रित होकर मारूति आल्टो ने खड़े वाहन में जाकर टक्कर मार दी। इसके बाद आल्टो संख्या बीआर-10एएफ-4354 पर सवार तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। तत्काल स्थानीय लोगों व बरही पुलिस के सहयोग से उन्हें बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां बिहार के सहरसा निवासी राजद नेता विजेंद्र यादव (60 वर्षीय) की मौत हो गई।

वहीं घटना में शामिल अन्य दो लोगों की स्थिति गम्भीर होने के कारण तत्काल उन्हें हज़ारीबाग रेफर कर दिया गया है। घायलों में सहरसा के ही योगेंद्र राम व छोटेलाल यादव शामिल हैं। घटना रविवार के सुबह पांच बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार छोटेलाल यादव की मौत हज़ारीबाग जाने के दौरान हो गई। वहीं योगेंद्र राम की स्थिति नाजुक बनी हुई है।जानकारों ने बताया कि उक्त लोग आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने रांची जा रहे थे। विजेंद्र यादव सहरसा के पूर्व जिला पार्षद सह आरजेडी नेता बिहरा थाना के बिजलपुर निवासी हैं। सड़क हादसा बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसोत एनएच पर हुआ है, जिसमें उनका वाहन टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। वे लोग सहरसा से रांची जा रहे थे, किन्तु रसोइया धमना बाइपास से बरही की ओर न जाकर रास्ता भटक गए और सीधा चलते गए जहां बरसोत में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने मृतक व घायलों के परिजनों को दूरभाष पर सूचना दी है। गंभीर रूप से घायल योगेंद्र राम भी राजद के नेता हैं। उनकी भी हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। बरही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि उक्त घटना की जानकारी मृतक एवं घायलों के परिजनों को दे दी गई है। मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। वहीं राजद नेता की मौत की खबर सुनकर लोग स्तब्ध हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजद नेता की मौत की खबर सुनते ही राजनीति गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी से जुड़े कई नामचीन नेताओं और कई लोगों ने भी मौत की खबर सुनकर गहरा शोक जताया है।