Tue. Oct 21st, 2025

अटलजी के निधन पर उनके सम्मान में यूएस ने भी अपना झंडा झुकाया

Share this News

नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। ब्रिटिश सरकार के बाद अब अमेरिकी सरकार ने भी पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में नई दिल्ली स्थित अपने दूतावास में अमेरिकी ध्वज को आधा झुका दिया। अमेरिकी प्रोटोकॉल के मुताबिक ये प्रक्रिया राष्ट्रीय शोक के समय अपनाई जाती है। इस तरह अमेरिकी सरकार ने भी अटलजी को अपने भारतीय मिशन में वो दर्जा प्रदान किया है। इससे पहले ब्रिटिश सरकार ने भी अटलजी के सम्मान में अपने भारतीय उच्चायोग में यूनियन जैक को झुका दिया है।
संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) ने पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक जताया है। अमेरिकी सरकार ने अपने शोक संदेश में अटल बिहारी वाजपेयी को भारत-अमेरिका संबंधों में गति लाने का श्रेय दिया है। अपने शोक संदेश में अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से भारत को हुई अपूरणीय क्षति के लिए दुखी है। अटल बिहारी वाजपेयी को यूएस- भारत द्विपक्षीय संबंधों को गति देने में उनके अत्यधिक योगदान के लिए याद किया जाएगा। अपने कार्यकाल के दौरान, प्रधानमंत्री वाजपेयी ने संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ एक मजबूत साझेदारी की वकालत की, वो हमें ‘प्राकृतिक सहयोगी’ के रूप में संदर्भित करते हैं। भारत में यूएस मिशन भारत के पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी और भारत के नागरिकों के लिए हमारी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर पूरी दुनिया शोकमग्न हो गई। अटल जी के निधन पर पूरी दुनिया के देशों के राष्ट्र प्रमुखों ने शोक जताया। तमाम देशों ने अटल जी के निधन पर शोक संदेश जारी किए।