Wed. Mar 11th, 2026

सूडान में ‘रोटी’ के लिए खूनी संघर्ष

Share this News
No

नई दिल्ली, 28 दिसम्बर (हि.स.)। दुनिया कहां से कहां पहुंच गई है। मंगल पर जीवन तलाशने से लेकर आज की जिंदगी की हर सुख सुविधा के लिए इंसान प्रयासरत है। विकसित, विकासशील देशों से इतर बात करें तो कुछ देश ऐसे भी हैं जो जीवन के लिए सबसे जरूरी ‘रोटी’ करस रहे हैं।
हम बात कर रहे हैं अफ्रीकी देश सूडान की। जहां पर इन दिनों रोटी के लिए प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सूडान में महंगाई और रोटी की कीमतें बढ़ने को लेकर इन दिनों माहौल गर्म है। लोग रोटी के लिए सड़कों पर उतर आए हैं। पूरे देश में लूटपाट की जा रही है। सूडान में रोटी तीन से चार गुना मंहगी हो गई है।
अफ्रीकी देश सूडान पहले से ही गरीबी की मार झेल रहा है। ऊपर से सांसों को जिंदा रखने के लिए जरूरी रोटी भी उपलब्ध नहीं है। कई शहरों में रोटी की भारी कमी है और उसकी कीमत काफी बढ़ चुकी है। ऐसे में रोटी की बढ़ती कीमतों के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए हैं।
सूडान में रोटी तीन गुना महंगी करने के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बीच बीते एक सप्ताह में 19 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।कई लोग घायल भी हुए हैं। सूडानी सरकार ने गुरुवार को बताया कि मरने वालों में दो सुरक्षाकर्मी भी हैं। बढ़ते विरोध-प्रदर्शन को अब पत्रकारों का भी समर्थन मिल गया है और उनके समर्थन में पत्रकार तीन दिन की हड़ताल पर चले गए हैं।
सूडान में भुखमरी बड़ी समस्या है। देश के पूर्वी हिस्से में हुए प्रदर्शन में लोगों ने राष्ट्रपति भवन के पास पहुंचकर विरोध किया। इन प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। अक्टूबर, 2017 में अमेरिका की ओर से आर्थिक प्रतिबंध हटाने के बावजूद सूडान में आर्थिक संकट बना हुआ है।

Latest News