Tue. Oct 28th, 2025

‘फिर एक बार मोदी सरकार’- भाजपा प्रचार अभियान की मुख्य थीम

Share this News
No

नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव-2019 के लिए पार्टी घोषणा पत्र जारी किए जाने के एक दिन पहले रविवार को चुनाव प्रचार अभियान के थीम सांग (अभियान गीत) लॉन्च किया। पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की मुख्य थीम ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ रखी गया है।पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान के तीन प्रमुख नारे होंगे। पहला- काम करने वाली सरकार, दूसरी- ईमानदार सरकार और तीसरी- फैसले लेने वाली सरकार।
केन्द्रीय वित्त मंत्री एवं भाजपा चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख अरुण जेटली ने थीम सॉग लॉंच करते हुए कहा कि देश को तय करना है कि उसे केन्द्र में कमजोर सरकार चाहिए अथवा कड़े और बड़े फैसले ले सकने वाली मजबूत सरकार चाहिए। उन्होंने महागठबंधन का नाम लिए बिना कहा कि मतदाता यह भी तय करेंगे की उन्हें एक कप्तान वाली सरकार चाहिए या 11 सदस्यों वाली टीम चाहिए जिसके 40 कप्तान हों ।
पार्टी ने प्रचार अभियान के लिए ‘एक बार फिर मोदी सरकार’ को प्रमुख नारा बनाया है। जेटली ने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता के दो केन्द्र हैं। पहली प्राथमिकता गरीब और दूसरी देश में बढ़ता
मध्यम वर्ग और नया मध्यम वर्ग। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी भी अब नये मध्यम वर्ग तक पहुंचने की अपेक्षा और क्षमता रखता है।
उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र की आलोचना करते हुए कहा कि जनता ऐसे वादों पर तब यकीन करती है जब अतीत में पुराने वादे पूरे किए गए हों। वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस में गरीबी हटाओ का नारा 1951 में दिया था और उसके बाद इंदिरा गांधी ने भी इस नारे का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 और 2009 में भी कांग्रेस का नारा गरीबी हटाओ ही रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सलाहकार कह रहे हैं कि और टैक्स लगाओ जबकि मोदी सरकार टैक्स छूट ढाई लाख से पांच लाख रुपए तक ले गई है। वस्तु एवं सेवाकर ( जीएसटी) में भी कमी की है। वन रैंक वन पेंशन के वादे को भी पूरा किया है।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के ऑनलाइन पोर्टल भी आम आदमी के लिए किए गए काम के बारे में कैंपेन में बताएंगे। इस अवसर पर भाजपा चुनाव प्रचार समिति के सदस्य ऋतुराज सिन्हा, भाजपा महासचिव भूपेन्द्र यादव, अनिल जैन आदि उपस्थित रहे।