
पीएम ने सुनाई बिहार की सोलर दीदी की कहानी,

पीएम ने मन की बात के 125वें एपिसोड में सोलर दीदी की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि सोलर सिंचाई के माध्यम से जीवन में बदलाव लाने वाली देवकी देवी की कहानी संघर्ष और दृढ़ता की मिसाल है।
रविवार को पूरे देश के लोगों ने प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी की जुबान से मुजफ्फरपुर की देवकी देवी की सफलता की कहानी सुनी। सोलर दीदी के नाम से मशहूर देवकी देवी की सफलता की प्रेरक कहानी पीएम ने मन की बात के 125वें एपिसोड में सुनाई। उन्होंने कहा कि सोलर सिंचाई के माध्यम से जीवन में बदलाव लाने वाली देवकी देवी की कहानी संघर्ष और दृढ़ता की मिसाल है।
पीएम ने कहा कि देवकी देवी की जिंदगी आसान नहीं थी। आर्थिक तंगी में पली-बढ़ीं और कम उम्र में शादी हो गई। पति की स्थिर आय की चुनौती ने उनके परिवार पर अतिरिक्त बोझ डाला। उनके पास केवल आधा कट्ठा जमीन थी, जिससे गुजारा करना मुश्किल था। लेकिन, मुश्किल हालात में उन्होंने कामयाबी की बड़ी लकीर खींच दी। ना सिर्फ अपनी तरक्की की बल्कि गांव की तस्वीर बदल दी।
सशक्तिकरण की राह इस तरह बढ़ा कदम
देवकी देवी को जब इस योजना के बारे में पता चला तो कई बाधाएं उनके सामने थीं। उनके पति के मन में भी संदेह था। लेकिन, देवकी देवी ने अपने आत्मविश्वास और सेल्फ हेल्प ग्रुप के सहयोग से इस मौके को अपने हाथों से जाने नहीं दिया। उनके सोलर पंप से आस पास के करीब 40 एकड़ में सिंचाई होती है। पहले उनकी जिन्दगी घर की दीवारों के बीच सिमटी हुई थी। अब उनकी पहचान और किस्मत दोनों बदल गई है। लोग उन्हें सम्मान की नजर से देखते हैं।
बोचहा की करणपुरा पंचायत की हैं सोलर दीदी
चार बच्चों की मां देवकी देवी की मेहनत और लगन को देखकर सीएलएफ ने भूमिगत पाइपलाइन के लिए पहली सूची में उन्हें जगह दी। इस योजना से उनकी सौर सिंचाई प्रणाली की स्थापना का रास्ता साफ हुआ। देवकी देवी ने सौर सिंचाई पंप के माध्यम से स्थायी सिंचाई प्रदान करने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने और अपने समुदाय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक प्रयास किया जो कामयाबी में बदल गई।
पूरे समुदाय का विकास हुआ
देवकी देवी के प्रयासों ने पूरे समुदाय पर गहरा प्रभाव डाला। 40 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई और 66 किसानों को सहायता प्रदान करते हुए, उन्होंने 1 लाख 40 हजार की आय अर्जित की। 1141.5 घंटे तक पंप का संचालन करने के बाद उनका प्रभाव अभूतपूर्व था। पहले यहां के किसान डीजल पंप पर निर्भर थे, जिसमें प्रति 1.25 डिसमिल भूमि की सिंचाई के लिए 150 रुपए खर्च होते थे। लेकिन सौर सिंचाई के आने के बाद, यह लागत केवल 30 रुपए रह गई, जिससे किसानों को काफी बचत हुई। देवकी देवी की यह प्रेरक यात्रा सशक्तिकरण और सामुदायिक सुधार का प्रतीक है। उनकी यह सफलता पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई। उन्होंने 1141 घंटे तक सौर पंप चलाकर 1 लाख 40 हजार की आय अर्जित की। इस उपलब्धि के बल पर वे इलाके में ‘सोलर दीदी” के नाम से मशहूर हो गई।