
यमुना में छलांग लगाने पर बेटी को बचाने कूदे पिता लापता

देवर ने युवती को उसके बच्चे नहीं सौंपे तो लड़की यमुना में कूद गई। उसे बचाने के लिए पिता ने भी छलांग लगा दी। जवान संजय कुमार जान की बाजी लगाकर रात के अंधेरे में यमुना नदी में डूबती महिला की जिंदगी बचाई। उसके पिता की तलाश जारी है।
यूपी के आगरा में एक महिला ने गुरुवार की रात यमुना किनारा से यमुना में छलांग लगा दी। बेटी को बचाने के लिए पिता भी यमुना में कूद गया। महिला को जल पुलिस ने बचा लिया। पिता लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का इलाज जारी है।
घटना रात नौ बजे की है। ताजमहल की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों को बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई। उन्होंने ताज सुरक्षा में तैनात एसआई शिवराज सिंह को बताया। आवाज ताजमहल के पीछे यमुना से आ रही थी। जल पुलिस के मुख्य आरक्षी संजय कुमार स्टीमर में टीम के साथ पहुंच गए। टार्च की मदद से महिला को देखा। संजय कुमार पानी में कूद गए व महिला को बचा लिया गया।
बाहर आकर महिला ने पुलिस को बताया कि पीछे-पीछे पिता भी कूदे थे। पुलिस ने तलाश की लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस का कहना है कि लड़की के पिता की तलाश जारी है। गोताखोरों की मदद से लड़की के पिता को तलाशा जा रहा है।
कुआंखेड़ा की नीतू ने लगाई थी छलांग
पूछताछ में पता चला कि महिला का नाम नीतू है। वह ताजगंज के गांव कुआंखेड़ा की निवासी है। 13 साल पहले उसकी शादी फिरोजाबाद निवासी हेमंत से हुई थी। 3 बच्चे हैं। हेमंत की एक साल पहले मौत हो गई। तभी से नीतू मायके में रह रही है। तीनों बच्चे उसके देवर अर्चन यादव के पास रहते हैं। देवर एत्मादुद्दौला इलाके में रहता है। नीतू अपने बच्चों को मायके लेकर आना चाहती थी। गुरुवार को वह पिता विजेंद्र सिंह के साथ देवर के घर गई थी। देवर ने बच्चे नहीं दिए। विवाद हो गया। नीतू वापस घर जा रही थी। गुस्से में उसने यमुना किनारा पर यमुना में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए पिता भी कूद गए।