Tue. Sep 16th, 2025

बिहार वासियों के लिए तोहफा…चलने वाली है देश की पहली स्लीपर वंदे भारत

Share this News

India First Sleeper Vande Bharat Train: दिल्ली से पटना के लिए जल्द ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलने वाली है, जिसमें अब आप गति के साथ आराम से बैठते लेटते हुए सफर कर सकेंगे। जानिए क्या रहेगा रूट, किस समय चला करेगी ट्रेन और क्या रहेगा किराया।

काफी समय से वन्दे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की चर्चा थी, सभी का यही सवाल था आखिर ये ट्रेन आएगी कहां और होगी कब से शुरू। लेकिन अब ये इंतजार खत्म होने वाला है। देश की पहली वंदे भारत ट्रेन दिवाली और छठ पूजा से पहले चलाने की तैयारी है। भारतीय रेलवे इसी महीने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चला सकता है।

आराम, गति और नई टेक्नोलॉजी के साथ वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को लंबी और मध्यम दूरी की यात्राओं के लिए डिजाइन किया है। ये नई ट्रेन देश में रेल यात्रा को और भी बेहतर बनाएगी। चलिए आपको बताते हैं क्या रहेगा रुट, समय और किराया।

दिल्ली से पटना तक का सफर

रातभर की यात्रा के लिए डिजाइन की गई प्रीमियम ट्रेन दिल्ली और पटना को प्रयागराज के रास्ते जोड़ेगी। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन का यात्रा समय 12 – 17 घंटे से घटकर केवल 11.5 घंटे हो जाएगा और यात्रियों को हवाई यात्रा जैसी सुविधा ट्रेन के किराए पर ही मिलेगी। ये ट्रेन 180 किमी/घंटा की अधिकतम गति से चलकर ट्रेवलिंग टाइम को आधा कर देगी। जैसे जहां राजधानी एक्सप्रेस को यही रास्ता तय करने में करीबन 23 घंटे लगते हैं, वहीं वंदे भारत ट्रेन इसे काफी तेजी से पूरा करेगी।

ट्रेन चलने का समय क्या है?

ये ट्रेन पटना से रात 8 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7.30 बजे दिल्ली पहुंचेगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें रातभर यात्रा करने का ऑप्शन मिलेगा। दिल्ली से वापस की यात्रा भी इसी तरह रात भर की होगी, जैसा CNBC की रिपोर्ट में बताया है। ट्रेन को लेकर कई वीडियो भी वायरल हो रही हैं, इस वीडियो में देख सकते हैं साफ-सुथरी ट्रेन में स्लीपर ट्रेन की सीट से लेकर फैसिलिटी तक सब कुछ लग्जरी लग रही है। वीडियो देखने के बाद लोगों में अलग ही जोश है, कुछ स्लीपर ट्रेन में सफर के लिए उत्सुक हैं, तो कई लोगों ये चिंता सता रही है कि क्या सफर शुरू होने के बाद वैसी की वैसी रहेगी?

नई स्लीपर की क्या हैं खासियत

हर वंदे भारत स्लीपर कोच को भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) द्वारा उन्नत इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) तकनीक का इस्तेमाल करके बनाया है। ये यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई मॉडर्न फैसिलिटीज से लैस है, जिनमें CCTV कैमरे, जानकारी और मनोरंजन के लिए LED स्क्रीन, सेंसर के साथ ऑटोमेटिक दरवाजे, आधुनिक अग्नि सुरक्षा सिस्टम और ऑनबोर्ड घोषणा सुविधाएं शामिल हैं। रिपोर्ट का कहना है इंटीरियर्स में विमान से प्रेरित डिजाइन है, जो यात्रियों को प्रीमियम यात्रा का एक्सपीरियंस देता है।

टिकट की क्या है कीमतें

​टिकट की कीमतें उस खास मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस से 10-15% से अधिक हो सकती हैं। हालांकि अधिकारियों ने कम ट्रेवलिंग टाइम और बढ़िया सुविधाओं की वजह से कीमतों में अंतर को सही बताया है। फ्लाइट्स की तुलना में, वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस एक सस्ता ऑप्शन है, जबकि यात्रियों के आराम के स्तर को बनाए रखता है, जो इतनी लंबा यात्रा कर रहे हैं।