Mon. Feb 16th, 2026

17 फरवरी से बिहार मैट्रिक परीक्षा, परीक्षार्थियों के लिए BSEB ने जारी किया बड़ा निर्देश

Share this News

17 फरवरी से बिहार मैट्रिक परीक्षा, परीक्षार्थियों के लिए BSEB ने जारी किया बड़ा निर्देश

बिहार बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार मैट्रिक परीक्षा 2026 में राज्य के लगभग 15.12 लाख परीक्षार्थी दो पालियों में 1699 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे. कुल 15,12,687 परीक्षार्थियों में 785722 छात्राएं और 726961 छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे.

बोर्ड के अनुसार इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए सभी केंद्रों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं. पहले दिन यानी 17 फरवरी को मैट्रिक परीक्षा का आगाज भाषा विषय यानी हिंदी/उर्दू की परीक्षा से होगा.

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कई जिलों में लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है. कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरी परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी. किसी भी तरह की गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन भी बोर्ड की ओर से जारी कर दी गई है. सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा. बिना एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.