Sat. Apr 20th, 2024

अर्जुन की फिल्म का नया पोस्टर

Share this News

मुंबई, 30 अप्रैल (हि स)। आगामी 24 मई को रिलीज होने जा रही अर्जुन कपूर की फिल्म इंडियाज मोस्ट वांटेड का नया पोस्टर सोशल मीडिया में लांच किया गया है। फिल्म का ट्रेलर दो मई को रिलीज होने जा रहा है, जिसके लिए मुंबई में एक समारोह होगा। इसमें अर्जुन कपूर सहित फिल्म की पूरी कास्ट मौजूद रहेगी। जासूसी कहानी पर बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार गुप्ता ने किया है, जिनके साथ अर्जुन कपूर की ये पहली फिल्म है। गुप्ता ने इससे पहले पिछले साल अजय देवगन के साथ रेड फिल्म बनाई थी, जिसे बाक्स आफिस पर अच्छी सफलता मिली थी। इंडियाज मोस्ट वांटेड में अर्जुन कपूर के किरदार को लेकर अभी तक सिर्फ इतनी जानकारी मिली है कि वे भारतीय गुप्तचर संस्था रॉ से जुड़े जासूस के किरदार में हैं। फिल्म में अभी तक अर्जुन की हीरोइन के नाम को गुप्त रखा गया है। अर्जुन कपूर की पिछली फिल्म नमस्ते इंग्लैंड बाक्स आफिस पर सुपर फ्लाप साबित हुई थी। इंडियाज मोस्ट वांटेड के अलावा अर्जुन कपूर की आने वाली फिल्मों में यशराज की पिंकी और संदीप फरार है, जिसकी रिलीज डेट अभी तक तय नहीं है। इस फिल्म में नमस्ते इंग्लैंड के बाद एक बार फिर परिणीति चोपड़ा की जोड़ी होगी। इसके अलावा उनकी फिल्म पानीपत है, जिसे आशुतोष गोवारिकर बना रहे हैं। इस फिल्म में कृति सेनन उनकी जोड़ीदार हैं, जबकि इस पीरियड फिल्म में संजय दत्त भी मुख्य किरदार में हैं। ये फिल्म इस साल 6 दिसंबर को रिलीज होनी है।