
मायके लेने गए पति ने पुल पर बाइक रोक पत्नी को नीचे दिया धक्का,

आगरा में विवाद के बाद एक पति ने पत्नी को पुल से नीचे फेंक दिया। गुस्साए राहगीरों ने पति की जमकर धुनाई कर दी। गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए भेजा गया। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया। पति – पत्नी में काफी समय से अनबन चल रही थी।
यूपी के आगरा में ईदगाह रेलवे पुल (शाहगंज) पर बुधवार की रात एक युवक के दुस्साहस से राहगीरों के रौंगटे खड़े हो गए। युवक ने पुल पर अचानक बाइक रोकी और फिर पत्नी को पुल के ऊपर से नीचे धक्का दे दिया। युवती रेलवे लाइन से आगे गिरी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैफिक रुक गया। भीड़ ने पति को दबोच लिया। सूचना पर आई पुलिस ने पति को अभिरक्षा में ले लिया। महिला को इलाज के लिए भेजा। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे की है। नेहरू कुंज, खेरिया मोड़ निवासी राजकुमार ने अपनी पुत्री चंचल की शादी नगला छऊआ निवासी कुलदीप से की थी। चंचल अपने मायके आई हुई थी। पति राजकुमार उसे लेने आया था। बाइक पर लेकर घर जा रहा था। पुलिस के अनुसार किसी बात पर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। पति ने बाइक पुल पर रोकी और गुस्से में पत्नी को पुल से नीचे धक्का दे दिया। पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
जानकारी पर पुलिस भागकर मौके पर पहुंची। गनीमत यह रही कि जिस जगह से महिला को धक्का दिया गया वह जमीन से करीब 15 फीट ऊपर थी। पुल के बीचों बीच से महिला को धक्का दिया जाता तो वह सीधे रेलवे लाइन पर गिरती। उसका बचना संभव नहीं था। भीड़ ने आरोपित पति को दबोच लिया था। पुलिस उसे थाने ले गई। सूचना पर महिला के मायके वाले आ गए थे। उसका इलाज करा रहे हैं। महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। देर रात तक पति ने यह नहीं बताया कि उसका झगड़ा किस बात पर हुआ था। मायके वालों का आरोप है कि दामाद आए दिन बेटी का उत्पीड़न किया करता है।