
Health Tips: हाई ब्लड प्रेशर के मरीज भूलकर भी न खाएं ये चार चीजें

सार
Hypertension Patients Avoid Food: हाई ब्लड प्रेशर एक ऐसी समस्या है, जो हार्ट से संबंधित बीमारियों के जोखिम को बढ़ा देते हैं। ऐसे में जो हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं उन्हें अपने खान पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। आइए इस लेख में इसी के बारे में जानते हैं।
High Blood Pressure Diet: आजकल की भागदौड़ भरी जीवनशैली में हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) एक आम समस्या बन गई है। यह एक ऐसी बीमारी है जो बिना किसी स्पष्ट लक्षण के धीरे-धीरे विकसित होती है, यही वजह है कि इसे ‘साइलेंट किलर’ भी कहा जाता है। हाई ब्लड प्रेशर की वजह से दिल का दौरा, स्ट्रोक और किडनी फेलियर जैसी कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है|
हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने और इसके जोखिम से बचने का सबसे बड़ा तरीका हमारी दिनचर्या और खासकर खान-पान में छिपा है। कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ हैं, जिनका सेवन करने से ब्लड प्रेशर का स्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है। अगर आप हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं, तो आपको अपनी डाइट पर विशेष ध्यान देना चाहिए। आइए इस लेख में ऐसी चार चीजों के बारे में जानते हैं, जो हाई ब्लड प्रेशर के जोखिम को बढ़ा सकती हैं।
नमक और सोडियम से भरपूर भोजन
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को नमक से परहेज करना चाहिए। नमक का रासायनिक नाम सोडियम क्लोराइड होता है, इसलिए नाम से ही यह स्पष्ट है कि नमक में भरपूर मात्रा में सोडियम होता है। नमक शरीर में पानी को जमा करता है, जिससे रक्त वाहिकाओं पर दबाव बढ़ता है। पैकेटबंद स्नैक्स (जैसे चिप्स), और अचार में सोडियम की मात्रा बहुत ज्यादा होती है।
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को नमक का सेवन बहुत कम करना चाहिए, साथ ही नमक के सेवन से संबंधित कोई भी बदलाव करने से पहले डॉक्टर से सुझाव लेना चाहिए।
प्रोसेस्ड फूड
प्रोसेस्ड और पैकेज्ड फूड जैसे डिब्बाबंद सूप, सॉसेज, और जमे हुए भोजन में न केवल सोडियम, बल्कि ट्रांस फैट और सैचुरेटेड फैट भी बहुत ज्यादा होता है। ये फैट धमनियों में जमा होकर उन्हें संकरा कर सकते हैं, जिससे रक्तचाप बढ़ जाता है। इन चीजों के बजाय ताजे फल, सब्जियां और घर का बना भोजन खाएं।
शराब का सेवन
शराब का सेवन ब्लड प्रेशर को अस्थाई रूप से बढ़ा सकता है। लंबे समय तक इसका सेवन करने से रक्तचाप स्थायी रूप से बढ़ जाता है और यह हृदय को नुकसान पहुंचाता है। अगर आप हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं, तो शराब का सेवन पूरी तरह से बंद कर देना ही सबसे अच्छा है।
शुगर और मीठी चीजें
शुगर और मीठे पेय पदार्थ, जैसे सॉफ्ट ड्रिंक्स और जूस, भी ब्लड प्रेशर को प्रभावित करते हैं। शुगर का ज्यादा सेवन वजन को बढ़ाता है, जो अपने आप में हाई ब्लड प्रेशर का एक बड़ा जोखिम कारक है। इसके अलावा, कुछ अध्ययनों से यह भी पता चला है कि अधिक शुगर सीधे तौर पर रक्तचाप को बढ़ाती है।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।