Thu. Mar 28th, 2024

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: प्रधानमंत्री ने हजारों योग साधकों के साथ दून में किया योग

Share this News

देहरादून, 21 जून –  चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (गुरुवार को) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून मेें स्थापित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में योग कर रहे हैं। पीएम के साथ करीब 55 हजार लोग योग कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में राज्‍य के मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक भी मौजूद हैं।

आयुष मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए करीब 5000 आयोजन किए जा रहे हैं। योग करने से पहले पीएम मोदी ने दुनियाभर के योग प्रेमियों को चौथे अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिखराव के बीच योग जोड़ने का काम करता है। उत्‍तराखंड शुरू से योग का अहम केंद्र रहा है। दुनियाभर में योग दिवस का समर्थन भारत के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जैसे-जैसे सूरज अपनी यात्रा करेगा, दुनिया के हर भूभाग पर लोग सूर्य की किरणों के साथ योग करते दिखेंगे।

देहरादून से लेकर डबलिन तक शंघाई से लेकर शिकागो तक सब योग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब जीवन में समृद्धि आती है तो तनाव, बिखराव और विवाद बढ़ते है। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में योग तमाम तनावों के बीच राहत देता है। योग हमें समाज व परिवार के प्रति संवेदनशील बनाता है। योग पूरी मानवता को जोड़ता है। पीएम मोदी ने कहा कि योग के कारण दुनिया आज इलनेस से वेलनेस की तरफ बढ़ रही है। योग पारंपरिक होने के साथ ही मॉर्डर्न भी है। योग के पास परेशानियों का सटीक उपचार है। मैंने पढ़ा कि हर साल करोड़ों लोग दुनिया भर में हार्ट बीमारी के लड़ते हैं। योग इसके लिए लाभदायक है। बांटने की जगह योग जोड़ता है। बीमारी में आराम देता है। भाईचारे और खुशहाली का प्रतीक है। इसके बाद पीएम मोदी ने सभी से योग से जुड़ने का आह्वान किया और इस बड़े आयोजन के लिए उत्तराखंड का धन्यवाद कहकर अपना संबोधन समाप्त किया।

इससे पहले, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वागत भाषण में कहा कि योग दिवस के राष्ट्रीय आयोजन गर्व का विषय है। राज्य इसके लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करता है। पीएम का राज्य से विशेष लगाव है, जिसके लिए राज्य उनका आभारी है। उन्होंने कहा योग स्वास्थ्य और कल्याण का साधन है। सीएम ने कहा कि अटल जी ने राज्य को बनाया और अब मोदी उत्तराखंड को सवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ आपदा के बाद दो बार आकर पीएम ने लोगों में सुरक्षा का भाव भर रहे हैं।

इस मौके पर केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने कहा कि पीएम मोदी के प्रयास के कारण ही आज पूरी दुनिया में चतुर्थ योग दिवस मनाया जा रहा है। योग को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आयुष मंत्रालय को दी गई है। पूरे देश में मंत्रालय ने वर्षभर योग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए। सभी राज्यों व विभागों को कहा गया है कि वे योग को अपने वार्षिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनाये। कॉमन योग प्रोटोकॉल विकसित किया गया है, जिसके तहत देशभर में एक साथ एक तरीके से योग अभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार भी प्रदान करेगी, जो चार श्रेणियों में दिए जाएंगे।