Wed. Mar 25th, 2026

एशियाई खेलों में भारत ने की 67 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी

Share this News

नई दिल्ली, 01 सितम्बर (हि.स.) । इंडोनेशिया में चल रहे 18वें एशियन खेलों में भारत ने एशियाई खेलों के करीब 67 साल में नया इतिहास रचते हुए अपने सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है। भारत ने 1951 के पहले एशियाई खेलों के 15 स्वर्ण पदक जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

भारतीय टीम ने शनिवार को दो स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्ण पदकों की कुल संख्या 15 पहुंचा दी है। वहीं कुल पदकों की बात की जाए तो भारत को अब कुल 67 पदक हो गए हैं, जिनमें 15 स्वर्ण,23 रजत और 29 कांस्य पदक है। इससे पहले भारत ने साल 2010 में चीन के गुआंगझू में हुए संस्करण में सबसे ज्यादा 65 पदक जीते थे।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को अमित पंघल ने 49 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में रियो ओलम्पिक-2016 के स्वर्ण पदक विजेता उज्बेकिस्तान के हसनबॉय दुसामाटोव 3-2 से मात देकर आज भारत के लिए 14वां स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, प्रणब बर्धन और शिभंत सरकार ने ब्रिज में भारत के लिए 15वां स्वर्ण पदक जीता।