Thu. Apr 25th, 2024

द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ से भाजपा का कोई लेना देना नहीं: सुदेश वर्मा

Share this News

नई दिल्ली, 28 दिसम्बर (हि.स.)। कांग्रेस नेता व पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल पर आधारित फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म को लेकर जहां कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमलावर रुख अख्तियार कर लिया है वहीं भाजपा नेता भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुदेश वर्मा ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस फिल्म से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। वर्मा ने आरोप लगाया कि आश्चर्य होता है कि जो कांग्रेस अपने आपको तथाकथित उदारवादी पार्टी बोलती थी, लोगों के अधिकार की बात करती थी, क्या कारण है कि जब किसी मुद्दे पर चर्चा होती है और गांधी परिवार की ओर उंगलियां उठती हैं तो ये सारे लोग उदारवाद भूल जाते हैं। आक्रामक हो जाते हैं।
वर्मा ने आगे कहा कि समझ में नहीं आता कि कांग्रेस क्या छुपाना चाहती है, ये कांग्रेस को बताना चाहिए। द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर तो संजय बारू की लिखी हुई किताब पर आधारित है। जब किताब पर कोई विवाद नहीं हुआ तो अब फिल्म को लेकर विवाद क्यों। महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस द्वारा फिल्म को लेकर दी गई धमकी के बारे में वर्मा ने कहा कि ये बिल्कुल गलत है। फिल्म बनाना लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी है। भाजपा अपनी अभिव्यक्ति करने वाले हर व्यक्ति की मुहिम में शामिल होगी।
साथ ही भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि जब भी गांधी परिवार के बारे में कुछ बोला जाता है तो कांग्रेस का यही रवैया होता है। कोई प्रधानमंत्री मोदी के बारे में कुछ भी बोल दे, भाजपा के बारे में कुछ भी बोल दे तो कांग्रेस को कोई दिक्कत नहीं है। वर्मा ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि गांधी परिवार को छोड़कर आजादी तय होगी। जब फिल्म पर चर्चा होगी तभी तो लोगों को पता चलेगा कि मनमोहन सिंह कैसे प्रधानमंत्री बने, ये सारी बातें तो आएंगी ही। यह इतिहास है और कांग्रेस इतिहास को कैसे झुठला सकती है। कांग्रेस लोगों को फिल्म देखने दे और उनको जज करने दे। इतना आक्रामक होने की जरूरत नहीं है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा फिल्म पर प्रतिबंध लगाने के सवाल पर वर्मा ने कहा कि एक बार गायक किशोर कुमार ने कांग्रेस की बात नहीं मानी थी तो उन्हें ऑल इंडिया रेडियो से बाहर कर दिया गया था। यह कांग्रेस की पुरानी संस्कृति है। वर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की आजादी तभी तक होती है जब तक परिवार बीच में न आया हो। कांग्रेस के लिए परिवार के आगे कोई कुछ नहीं है। देश कुछ नहीं है, लोकतंत्र कुछ नहीं है, आजादी कुछ नहीं है। कांग्रेस के लिए जो कुछ है गांधी परिवार है।
गौरतलब है कि यह फिल्म डॉ. सिंह के प्रधानमंत्री रहने के दौरान उनके मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू की किताब पर आधारित है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद भाजपा के ऑफीशियल ट्विटर अकाउंट से इसे ट्वीट भी किया गया है। उसके बाद कांग्रेस व भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है।