Thu. Apr 25th, 2024

शिवराज सिंह चौहान रामलीला मैदान में भाजयुमो की महौरली को करेंगे संबोधित

Share this News
No

-नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का लिया जाएगा संकल्प
नई दिल्ली, 19 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) का युवा मोर्चा रविवार को रामलीला मैदान में ‘युवा विजय संकल्प महारैली’ आयोजित करेगा। रैली को मध्य प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान, भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष और सांसद अनुराग ठाकुर, भाजयुमो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन और भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी संबोधित करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा की महारैली में नरेन्द्र मोदी को दोबारा देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया जाएगा। इसके अलावा रामलीला मैदान को सदन की तरह मानकर वहां कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पास किए जाएंगे।
केंद्र में सत्तारूढ़ होने के लिए रामलीला मैदान को शुभ बताते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि सत्ता का रास्ता दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान से होकर ही जाता है। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भी भाजपा ने इस मैदान में बड़ा सम्मेलन आयोजित किया था। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी जीत दिलाने तथा नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाकर देश की कमान सौंपने के लिए पार्टी फिर से रामलीला मैदान में एक के बाद एक रैली आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पिछले दिनों यहां पूर्वांचल संगम, भीम महासंगम के दौरान समरसता खिचड़ी बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया और महिला मोर्चा की हुंकार रैली आयोजित की। तिवारी ने कहा कि अब विजय महासंकल्प रैली में युवा मोर्चा अपनी शक्ति का अहसास कराएगा।
तिवारी ने कहा कि इन तमाम रैलियों में भारी भीड़ पहुंची, जो मोदी सरकार की जनता में भारी समर्थन का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान को भरने की क्षमता हासिल करने के लिए भाजपा को काफी साधना करनी पड़ी है।