Sat. Apr 20th, 2024

सुप्रीम कोर्ट का फैसला राम मंदिर निर्माण के पक्ष में आने की उम्मीद : शाही

Share this News

रांची, 27 दिसम्बर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला मंदिर निर्माण के पक्ष में आएगा, ऐसी उम्मीद है। भाजपा की भी यही इच्छा है कि अयोध्या में राम मंदिर बने। श्रीराम जन्मभूमि का मुद्दा राजनीतिक मुद्दा नहीं है। यह इतिहास से भी सिद्ध हो गया है। शाही गुरुवार को रांची के भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की धरती पर आने का अवसर मिला है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। झारखंड की रघुवर सरकार के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं। इन चार सालों में भाजपा की सरकार ने झारखंड में सुशासन और विकास देने का काम किया है। सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त किया। कानून व्यवस्था में रेडिकल चेंज आया है। नक्सली घटनाओं में भारी कमी आयी है। गुंडागर्दी पर लगाम लगा है। एक लाख लोगों को रोजगार मिला है। सरकार के प्रयास से 14-15 लाख लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। झारखंड में नक्सल इलाकों में शाम को भी निकलना मुश्किल था, लेकिन झारखंड सरकार के प्रयास से अब रात में भी कहीं भी जाने में कोई भी असुविधा नहीं है। इस मौके पर भाजपा के महामंत्री दीपक प्रकाश, बिहार विधान परिषद के सदस्य आदित्य पांडेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल मौजूद थे।
भाजपा की सरकार ने गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने का काम किया
शाही ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब लोगों के जीवन स्तर को सुधारने का काम किया है। उज्ज्वला योजना के तहत पांच करोड़ से अधिक लोगों को गैस के कनेक्शन दिये गए हैं। किसानों की माली हालत सुधारने का काम जारी है। दो-दो गाय देकर लोगों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। दुनिया में देश का नाम रौशन हुआ है।
यूपी में भी किसानों के ऋण माफ किये गये, 80 फीसदी अनुदान पर दिये जा रहे कृषि यंत्र
यूपी के कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसानों के ऋण माफ किये गये हैं। किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र दिये जा रहे हैं। यूपी में भी कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हुई है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी देश के एक-एक व्यक्ति के हृदय में बसते हैं। उन्होंने कहा था कि सीता माता को छुड़ाने के लिए श्रीराम की सेना में सभी तबकों के लोगों ने साथ दिया था।
भाजपा ही अकेली पार्टी जो चाहती है अयोध्या में राम मंदिर बने
सुब्रमण्यम स्वामी के ट्वीट के एक प्रश्न के जवाब में शाही ने कहा कि अकेले भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो अयोध्या में राम मंदिर बनाना चाहती है। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में आवेदन देकर कहा कि मंदिर निर्माण पर सुनवाई चुनाव तक टाल दिया जाए। उन्होंने कहा कि 4 जनवरी को मंदिर पर सुनवाई होनी है।