Fri. Sep 26th, 2025

70 वां गणतंत्र दिवस : लांस नायक नजीर अहमद वानी को मरणोपरांत अशोक चक्र

Share this News

नई दिल्ली, 26 जनवरी(हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को यहां गणतंत्र दिवस की परेड से पूर्व जम्मू कश्मीर में आतंकियों से लड़ते हुए जान गंवाने वाले लांस नायक नजीर अहमद वानी को मरणोपरांत अशोक चक्र प्रदान किया। राष्ट्रपति के हाथों अशोक चक्र सम्मान नजीर अहमद वानी की पत्नी महजबीन और मां राजा बानो ने ग्रहण किया।
दक्षिण कश्मीर ऑपरेशन सफल करने वाले वानी को दो बार सेना मेडल से नवाजा गया है। जम्मू कश्मीर के गांव में 6 आतंकियों के मौजूद होने की जानकारी मिलने के बाद अपनी टीम के साथ उन्होंने मोर्चा संभाला। आतंकियों की ओर से भारी गोलाबारी के बीच बड़ी निडरता से उन्होंने एक कट्टर आतंकवादी को मार गिराया और अनुकरणीय कौशल के साथ दूसरे आतंकवादी पर भी हमला किया। घायल होने के बावजूद उन्होंने बाहर से आए आतंकी को सीधे मुकाबले में मार गिराया। आतंकी हमले में जख्मों के कारण वह शहीद हो गए। पत्नी महजबीन और मां राजा बानो ने उनके दिए गए अशोक चक्र को ग्रहण किया।
देश आज अपना 70वां गणतंत्र दिवस मना रहा है| आज ही के दिन वर्ष 1950 में भारत ने अपना संविधान अपनाया था।
राजपथ पर समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और डॉ मनमोहन सिंह के साथ हाथ मिलाया। इसके बाद उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू अपनी पत्नी के साथ राजपथ पर पहुंचे। कार्यक्रम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति अपनी धर्मपत्नियों के साथ अलग-अलग वाहनों से राजपथ पर पहुंचे। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ही इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं| इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल सी संदीप के नेतृत्व में इक्कीस तोपों की सलामी दी गई।