Sat. Sep 13th, 2025

अब ‘दुर्योधन’ की एंट्री; नीतीश की तारीफ करते प्रशांत तेजस्वी पर टाइट;

Share this News

प्रशांत किशोर ने राजद के युवराज तेजस्वी यादव को भ्रष्टाचार का दुर्योधन बताया है। कहा है कि राजद के लोग भ्रष्टाचार पर नहीं बोल सकते।  

विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार की सियासी तपिश का ग्राफ लगातार हाई हो रहा है। जुबानी राजनीति में श्रीराम, हनुमान, रावण, कंश, धृतराष्ट्र जैसे कई पात्र पहले ही जगह बना चुके हैं। अब दुर्योधन ने भी एंट्री मार ली है। दुर्योधन राजद के युवराज तेजस्वी यादव को बताया गया है। उन्हें यह उपाधि देने वाले जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर हैं जो 2015 में नीतीश लालू के मिलन और महागठबंधन सरकार के सूत्रधार होने का दावा करते हैं।

दरअसल इन दिनों प्रशांत किशोर सीएम नीतीश कुमार की इमानदारी पर फिदा हैं। लगातार बोल रहे हैं कि बिहार सीएम व्यक्तिगत रूप से कहीं भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं हैं। उनके खिलाफ कोई प्रमाण नहीं दे सकता। इस बीच तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह बता दिया। प्रशांत किशोर से जब इस पर सवाल किया गया तो वे उखड़ गए।

लालू, राबड़ी और राजद को भ्रष्टाचार का प्रणेता बताते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि तेजस्वी यादव भ्रष्टाचार के दुर्योधन हैं। इन लोगों को करप्शन पर बोलने का कोई हक नहीं है जो खुद इसमें आकंठ डूबे हुए हैं। तेजस्वी यादव जब भ्रष्टाचार के खिला बोलते हैं तो लगता है कि कोई शेर खुद को शाकाहारी बता रहा हो और शाकाहारी होने की शिक्षा दे रहा हो।

प्रशांत किशोर ने कहा कि इन लोगों ने राज्य में क्राइम और करप्शन को बढ़ाया। बिहार में लालू यादव और राबड़ी देवी की सरकार थी तो क्या हुआ यह दुनिया भर के लोग जानते हैं। पशुओं का चारा भी गबन हो गया। 15 सालों में बिहार रसातल में चला गया। जब रेल मंत्री थे तो नौकरी के लिए जमीन ली गई। तेजस्वी यादव समय से पहले ही बड़ी संपत्ति के मालिक बन गए। जब तेजस्वी यादव को खुद मौका मिला तो कुछ नहीं कर पाए। ऐसे में नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह बताने का अधिकार इन्हें नहीं है।

एक दिन पहले बेगूससराय में प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार में अधिकारियों और मंत्रियों ने करप्शन किया। इन लोगों ने विदेशों में संपत्ति अर्जित की। लेकिन नीतीश कुमार व्यक्तिगत तौर पर इमानदार हैं। ऐसा कहने में कोई गुरेज नहीं है।