Thu. Sep 25th, 2025

एम.डी.डी.एम. कॉलेज में एन.एस.एस. इकाई ने मनाया राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस

Share this News

एम.डी.डी.एम. कॉलेज की एन.एस.एस. इकाई द्वारा आज राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्या प्रो. अलका जायसवाल के संरक्षण तथा कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शगुफ्ता नाज़ के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत आयुर्वेद के महत्व पर चर्चा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी दादी-नानी से सुने और घरों में आज़माए गए परंपरागत घरेलू नुस्खों को साझा किया। इस संवाद ने छात्रों को भारतीय परंपरा की जड़ों से जोड़ने का कार्य किया।

अपने संबोधन में डॉ. शगुफ्ता नाज़ ने नीम, आँवला, हल्दी, तुलसी जैसी औषधीय जड़ी-बूटियों की उपयोगिता और उनके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद न केवल बीमारियों से बचाव का माध्यम है, बल्कि यह जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाए रखने का मार्ग भी है।

कार्यक्रम का समापन छात्रों द्वारा आयुर्वेद को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की शपथ के साथ हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा की ओर प्रेरित किया और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

इस अवसर पर रजनींदनी, कशिश, श्रेया, तान्या,अदिति, खुशी, ईशा राज सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज की और चर्चा को जीवंत बनाया।