बदलता बिहार , मेरठ। छावनी में सप्लाई डिपो के सामने युवती को वाहन ने कुचल दिया। युवती सप्लाई डिपो में कार्यरत मां को लेने स्कूटी से आई थी और सड़क किनारे खड़ी थी। मां के शोर मचाने पर सेना के जवान पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन का कहना है कि युवती को सेना के वाहन ने कुचला है, वहीं पुलिस का कहना है कि मुकदमा अज्ञात वाहन में दर्ज हुआ है।

12 साल पहले हादसे में हुई थी पिता की मौत

मूलरूप से बुलंदशहर के गांव उदयपुर निवासी सुरेश चंद्र सेना में सिपाही थे। दिल्ली में तैनाती के दौरान 12 साल पहले हादसे में उनकी मौत हो गईं थी। पत्नी राजेश देवी को सप्लाई डिपो में नौकरी मिल गई। राजेश देवी सिविल लाइंस क्षेत्र में एमईएस क्वार्टर में रहती हैं। 20 वर्षीय बेटी प्रियंका आरजीपीजी कालेज से बीएड कर रही थीं। प्रियंका की जुड़वां बहन पिहू है। प्रियंका कभी-कभी अपनी मां को लेने सप्लाई डिपो आती थी।

मां को लेने स्कूटी पर आई थी प्रियंका

बुधवार दोपहर एक बजे प्रियंका मां को लेने स्कूटी पर आई थी। प्रियंका सप्लाई डिपो के गेट के सामने सड़क किनारे स्कूटी रोककर मां का इंतजार कर रही थी। मां सप्लाई डिपो के गेट से निकल रही थी। लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र जादौन ने बताया कि तभी तेजगति से आए वाहन ने प्रियंका की स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। यह देख राजेश देवी ने शोर मचाया लेकिन वाहन ने प्रियंका को कुचल दिया और आगे बढ़ गया।

वहां मौजूद सेना के जवान प्रियंका को जसवंत राय अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। स्वजन ने बताया कि प्रियंका को सेना के वाहन ने कुचला है। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा अज्ञात वाहन में दर्ज हुआ है।

मां के गेट पर पहुंचते ही वाहन ने प्रियंका को कुचला 

सप्लाई डिपो के गेट पर पहुंचते ही प्रियंका ने मां को फोन किया। प्रियंका मां का इंजतार कर रही थी लेकिन उसे क्या पता था कि मां के आने से पहले ही वाहन रूपी मौत उसकी ओर बढ़ रही है। मां गेट पर पहुंची ही थी कि वाहन ने प्रियंका को कुचल दिया। सब कुछ मां के सामने हुआ लेकिन वह बेटी की जान बचाने में सफल नहीं हो सकीं। खून से लथपथ बेटी को बाहों में लेकर वह दहाड़ें मारकर रोने लगीं। कहने लगीं कि अच्छा होता कि आटो में बैठकर ही घर पर चली जाती। सेना के जवान उन्हें घर ले गए।