
घर में आग लगा महिला जलाई, खुद के ऊपर भी पेट्रोल गिरने से जले तीनों आरोपी

यूपी में मथुरा के कोसीकलां थाना अंतर्गत गांव हताना में मंगलवार देर रात तीन युवकों ने एक मकान में घुसकर आग लगा दी। जिससे एक महिला गंभीर रूप से जल गई। इस घटना में तीन आरोपी भी झुलसे हैं। महिला को गंभीर हालत में दिल्ली स्थित सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती
यूपी में मथुरा के कोसीकलां थाना अंतर्गत गांव हताना में मंगलवार देर रात तीन युवकों ने एक मकान में घुसकर आग लगा दी। जिससे एक महिला गंभीर रूप से जल गई। इस घटना में तीन आरोपी भी झुलसे हैं। महिला को गंभीर हालत में दिल्ली स्थित सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। झुलसे आरोपियों का भी वहीं इलाज चल रहा है।
गांव हताना निवासी इन्द्रजीत ने बुधवार को थाना कोसीकलां में तहरीर दी कि मंगलवार शाम गांव निवासी नेपाल ने फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। देर रात 03:40 बजे गौरव, योगेश तथा चरण सिंह निवासीगण गांव हताना कुल्हाड़ी लेकर घर में कूद आए। उस समय घर में उनकी मां जग्गी अकेली थीं और आंगन में सो रही थीं। तीन लोगों को घर में देखकर मां घर के अंदर भागीं और कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। आरोपियों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन मां ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने कुल्हाड़ी से खिड़कियों पर बार किया और शीशे आदि तोड़ दिए।
इसके बाद आरोपियों ने उनकी मां को जान से मारने के लिए ज्वलनशील पदार्थ डालकर घर में आग लगा दी। इससे मां बुरी तरह झुलस गयीं और बचने के लिए कमरे से निकलकर भागीं। पेट्रोल डालते समय आरोपियों पर भी गिर गया। इससे आग लगाने के दौरान तीनों आरोपी भी झुलस गए। यह सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है। महिला की चीखपुकार सुन आसपास के लोग वहां पहुंच गए।
आग बुझाने के बाद घटना में गंभीर रूप से झुलसी जग्गी को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली सफदरजंग हॉस्पिटल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी की। प्रभारी निरीक्षक कोसीकलां अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घर में लगे सीसीटीवी में आगजनी की घटना कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
एसपी देहात, सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि गांव हताना में आगजनी की घटना में महिला के अलावा तीन आरोपी युवक भी झुलस गए हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आगजनी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है, इसकी फुटेज देखी जा रही है। जांच के लिये पुलिस टीम दिल्ली गई है। वहां आरोपियों से पूछताछ कर सही तथ्यों की जानकारी करेगी।