Wed. Mar 18th, 2026

नेपाल में बवाल के बीच बिहार के 6 जिलों की सीमाएं सील;

Share this News

उग्र प्रदर्शन को देखते हुए नेपाल से सटे बिहार के छह जिलों की सीमा सील कर दी गई है। एसएसबी पटना फ्रंटियर मुख्यालय ने भी नेपाल सीमा पर तैनात अपने सभी सुरक्षा चौकियों को अलर्ट किया है। पुलिस और एसएसबी के जवानों को किसी भी अप्रिय स्थिति से

नेपाल में हो रहे उग्र प्रदर्शन को देखते हुए नेपाल से सटे बिहार के छह जिलों में चौकसी बढ़ा दी गयी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पश्चिम चंपारण से किशनगंज तक नेपाल से सटी बिहार की सीमा सील कर दी गई है। दोनों तरफ से पर्यटकों के आने-जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। स्थानीय नागरिकों को भी आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद ही आवागमन की अनुमति देने का निर्देश है। सीमा पर आने जाने वालों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर सीमा सुरक्षा बल, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों और आसूचना इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, सीमावर्ती जिलों के डीएम-एसपी को अलर्ट किया गया है। उनको आसपास के जिलों से कोर्डिनेशन बना कर काम करने के निर्देश दिये गए हैं। सीमाई चौकियों के आसपास सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से गश्त कर रही है। एसएसबी पटना फ्रंटियर मुख्यालय ने भी नेपाल सीमा पर तैनात अपने सभी सुरक्षा चौकियों को अलर्ट किया है। पुलिस और एसएसबी के जवानों को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का आदेश दिया गया है।

खुफिया इकाइयां सीमा क्षेत्र के आसपास नेपाल क्षेत्र में घट रही घटनाओं पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। पुलिस मुख्यालय का कंट्रोल रूम सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों से लगातार रिपोर्ट ले रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अगर कोई भारतीय नेपाल सीमा क्षेत्र में फंसा होगा तो उनको निकालने का काम भी किया जाएगा। गौरतलब है कि बिहार के सात जिले पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, सुपौल, पूर्वी चंपारण और किशनगंज की सीमाएं नेपाल बिहार को छूती हैं।

एडीजी (विधि व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने बताया कि नेपाल की स्थिति को देखते हुए बिहार से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा सील रहेगी। पर्यटकों के आने-जाने पर पूर्णत: पाबंदी लागू कर दी गयी है। स्थानीय नागरिकों को भी आवश्यक जांच-पड़ताल कर ही आने-जाने की अनुमति है।

Latest News