Thu. Sep 11th, 2025

पुल पार करते हुए कार सहित यमुना में बहे युवक

Share this News

यूपी के आगरा में कैलाश पुल (सिकंदरा) पार करते ही गांव सेहत के पास बुधवार रात दो युवक कार सहित यमुना के तेज बहाव में बह गए। किस्मत अच्छी थी। कार एक पेड़ से टकराकर रुक गई। दोनों युवक कार से निकलकर उसकी छत पर बैठ गए।

यूपी के आगरा में कैलाश पुल (सिकंदरा) पार करते ही गांव सेहत के पास बुधवार रात दो युवक कार सहित यमुना के तेज बहाव में बह गए। किस्मत अच्छी थी। कार एक पेड़ से टकराकर रुक गई। दोनों युवक कार से निकलकर उसकी छत पर बैठ गए। मदद के लिए परिचितों को फोन किया। कुछ ही देर में कैलाश के गोताखोर और बाईंपुर के प्रधान मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही दोनों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

घटना रात करीब नौ बजे की है। ग्राम प्रधान बाईंपुर मनीष यादव ने बताया कि बाईंपुर निवासी शुभम यादव व निक्की शर्मा कार से घूमने निकले थे। कैलाश पुल पार करते ही यमुना का पानी खेतों में आ गया है। सड़क डूब गई है। यह रास्ता बल्देव तक जाता है। दोनों युवक जैसे ही पुल से उतरकर आगे बढ़े यमुना का तेज बहाव कार को बहा ले गया। दोनों कार सहित बहते चले गए। एक पेड़ से टकराने के बाद कार रुक गई।

दोनों युवक कार से बाहर आए। फोन से मदद मांगी। सूचना पर वह भी ग्रामीणों संग पहुंच गए। कैलाश मंदिर के भरत गिरी भी आ गए। गोताखोर यमुना में कूदे। दोनों युवकों को बाहर निकाला। कार देर रात तक यमुना के पानी में फंसी रही। उसे निकालने के प्रयास हो रहे थे।

इंस्पेक्टर सिकंदरा प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि कैलाश पुल से थोड़ा आगे बल्देव थाने की सीमा शुरू हो जाती है। हादसा मथुरा के बल्देव थाना क्षेत्र में हुआ था। सूचना पर सिकंदरा पुलिस भी पहुंची थी। यमुना से बाहर आने के बाद दोनों युवक बुरी तरह से सहमे हुए थे। दोनों खामोश थे। उन्होंने आखिर तक यह नहीं बताया कि वे कार लेकर उस तरफ क्यों जा रहे थे|