
फंदे पर लटका मिला सात महीने की गर्भवती का शव

यूपी में एक शर्मनाक करने वाली घटना ने सभी को दहला दिया। एक गर्भवती महिला का शव फंदे से लटका मिला है। महिला सात महीने गर्भवती बताई जा रही है और उसके ससुरालियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है।
यूपी में एक शर्मनाक करने वाली घटना ने सभी को दहला दिया। एक गर्भवती महिला का शव फंदे से लटका मिला है। महिला सात महीने गर्भवती बताई जा रही है और उसके ससुरालियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के गांव पैतखेड़ा में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने ससुरालवालों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। विवाहिता सात माह की गर्भवती थी।
पूजा पत्नी धन सिंह उर्फ मनीष निवासी नुनिहाई ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी बेटी संध्या की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व शिवम पुत्र गीतम सिंह निवासी पैतखेड़ा (खंदौली) से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति शिवम, ससुर गीतम सिंह, जेठ दिलीप, जिठानी निशा और सास सुकन्या अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी संध्या को प्रताड़ित करने लगे। मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर उसे बार-बार धमकाया जाता था।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि बुधवार को उसका शव संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मौके पर पहुंचे संध्या के परिजनों ने हंगामा कर दिया। ससुरालवालों पर संध्या की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच शुरू की है। महिला के मायके वालों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है और तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है मामले में जांच जारी है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।