Sat. Sep 13th, 2025

बिहार में लूटपाट के दौरान एयरफोर्स के जवान को मारी गोली

Share this News

बदमाश को पकड़ने के बाद वर्दी में पहुंचे एक पुलिसकर्मी को कविता सिंह ने रोककर मदद मांगी, लेकिन पुलिसकर्मी ने कहा कि मेरे थाना क्षेत्र का मामला नहीं है। उसके बाद एसआई वहां से शहर की तरफ चले गए। इसके बाद वे आक्रोशित हो गईं।

बिहार में लूटपाट के दौरान एयरफोर्स के एक जवान को गोली मार दी गई। मुजफ्फरपुर जिले में जैतपुर थाने के पोखरैरा टोल प्लाजा के समीप मुंगौली में बुधवार को बाइकर्स गैंग के बदमाशों ने चेन लूट के विरोध पर वायु सैनिक अभिषेक सिंह के सिर पर गोली चला दी। हेलमेट रहने कारण गोली कीच कर गई। उसके बाद दूसरी गोली पैर में मार दी। इस दौरान अभिषेक की शिक्षिका पत्नी कविता सिंह बदमाश से भिड़ गई। उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से बाइक लेकर फरार हो गया।

शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने कुढ़नी निवासी जवाहर भगत के पुत्र शातिर रवि कुमार को अधमरा कर दिया। गोली से घायल पारू थाना क्षेत्र के जयमल डुमरी निवासी अजय सिंह के पुत्र वायु सैनिक अभिषेक कुमार सिंह को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जवान ग्वालियर में तैनात हैं।

थाना क्षेत्र का हवाला देकर पुलिसकर्मी चले गए

बदमाश को पकड़ने के बाद वर्दी में पहुंचे एक पुलिसकर्मी को कविता सिंह ने रोककर मदद मांगी, लेकिन पुलिसकर्मी ने कहा कि मेरे थाना क्षेत्र का मामला नहीं है। उसके बाद एसआई वहां से शहर की तरफ चले गए। इसके बाद वे आक्रोशित हो गईं। अभिषेक ने बताया कि वह शादी के बाद छुट्टी पर घर आया था। पत्नी को साथ में लेकर मुजफ्फरपुर शहर जा रहा था।

इसी दौरान सरैया की ओर से काली बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछा किया। मुंगौली के पास ओवरटेक कर बाइक को रोकवा लिया। इसके बाद पिस्टल भिड़ाकर चेन छीन ली। पत्नी का मंगलसूत्र छीन रहा था। विरोध करने पर गोली मार दी। अभिषेक ने बदमाश का हथियार छीन लिया। बाइक चला रहा शातिर मौके से फरार हो गया। शिक्षिका कविता की मायका मढ़ौरा में है।