Wed. Sep 17th, 2025

बुलेट ट्रेन, चंद्रयान-5, करोड़ों रुपये का निवेश; 

Share this News

भारत और जापान ने चंद्रयान-5 मिशन के लिए एक अहम करार किया, जिसके तहत दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां मिलकर चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्र की खोज करेंगी। चंद्रयान-5 मिशन का लक्ष्य चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के उन क्षेत्रों का अध्ययन करना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा से दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिली है। इस दौरान परिवहन, अंतरिक्ष और आर्थिक संबंधों को लेकर तीन बड़े फैसले लिए गए। दोनों पक्षों ने 13 प्रमुख समझौतों और दस्तावेजों को अंतिम रूप दिया। साथ ही, कई परिवर्तनकारी पहल की शुरुआत की घोषणा की जिनमें सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, दूरसंचार, फार्मास्यूटिकल्स और आर्थिक सुरक्षा ढांचा शामिल है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके कहा, ‘जापान की यह यात्रा अपने सकारात्मक नतीजों के लिए याद की जाएगी, जो दोनों देशों के लोगों को लाभ पहुंचाएंगे। मैं पीएम इशिबा, जापान की जनता और सरकार का उनके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद देता हूं।’ नरेंद्र मोदी और जापानी पीएम शिगेरु इशिबा के बीच शिखर वार्ता के बाद रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को बढ़ाने पर जोर दिया गया।

चंद्रयान-5 मिशन के लिए अहम करार

भारत और जापान ने चंद्रयान-5 मिशन के लिए एक अहम करार किया, जिसके तहत दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां मिलकर चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्र की खोज करेंगी। चंद्रयान-5 मिशन का लक्ष्य चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के उन क्षेत्रों का अध्ययन करना है, जो हमेशा छाया में रहते हैं। इन क्षेत्रों में पानी और अन्य अस्थिर पदार्थों की जांच की जाएगी। इस मिशन को जापान के एच3-24एल रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। इसमें इसरो की ओर से बनाया गया चंद्र लैंडर होगा, जो जापान से बनाए गए चंद्र रोवर को चंद्रमा तक ले जाएगा। इसरो न सिर्फ चंद्र लैंडर बनाएगा, बल्कि चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्र में मौजूद पानी और अन्य पदार्थों की जांच के लिए कुछ वैज्ञानिक उपकरण भी तैयार करेगा।

बुलेट ट्रेन में यात्रा और करार

पीएम मोदी ने जापान यात्रा के आज दूसरे दिन शनिवार को प्रधानमंत्री इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन में यात्रा की। मोदी ने जापान में बुलेट ट्रेन की सवारी की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। इशिबा ने मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘पीएम मोदी के साथ सेंडई की ओर जा रहा हूं। कल रात से ही सिलसिला जारी है और मैं आपके साथ कार में रहूंगा।’ मोदी जापानी बुलेट ट्रेन से सफर करते दिखे। प्रधानमंत्री मोदी और जापानी प्रधानमंत्री दोनों ने बुलेट ट्रेन से जापान के सेंडाई शहर तक की सवारी की। इस दौरान उन्होंने पूर्वी जापान रेलवे कंपनी में प्रशिक्षण ले रहे भारतीय ट्रेन ड्राइवरों से मुलाकात की। बुलेट ट्रेन की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री ने सेंडई में एक सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का दौरा किया। इस दौरे के दौरान भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

निवेश को लेकर रखा गया लक्ष्य

जापान ने भारत में एक दशक में 10 हजार अरब येन (करीब 60,000 करोड़ रुपये) के निवेश का लक्ष्य रखा। दोनों पक्षों ने कई बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें रक्षा संबंधों के लिए एक रूपरेखा और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए 10-वर्षीय खाका शामिल है। यह फैसला व्यापार और टैरिफ पर अमेरिकी ट्रंप प्रशासन की नीतियों के कारण आर्थिक उथल-पुथल के बीच लिया गया। पीएण मोदी ने कहा, ‘हमने अगले 10 वर्षों में जापान से भारत में 10 हजार अरब येन के निवेश का लक्ष्य रखा है।’ इनमें से एक समझौता अगले पांच वर्षों में भारत से जापान तक 50,000 कुशल और अर्द्ध-कुशल कामगारों की आवाजाही को बढ़ावा देने से संबंधित है। दूसरा समझौता डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर में सहयोग को आगे बढ़ाएगा।