Sat. Sep 13th, 2025

बैग-चश्मा और हेलमेट उतारकर पुल पर खड़ी की बाइक

Share this News

आगरा के जवाहर पुल पर एक युवक ने पुल पर बाइक खड़ी करके यमुना में छलांग लगा दी। वो पानी के तेज बहाव में बहता चला गया।

आगरा: शुक्रवार को आगरा में यमुना के जवाहर पुल पर युवक ने खौफनाक कदम उठाया। उसने बाइक खड़ी की, मोबाइल भी जेब से निकाल कर रख दिया। इसके बाद उसने नदी में छलांग लगा दी।पानी के तेज बहाव में वह बहता चला गया।लोगों ने कुछ दूर तक उसे पानी में छटपटाते देखा। इसके बाद वह डूब गया। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक की तलाश की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाइक पर एक युवक यमुना पुल पर रुका। उसने हेलमेट लगाया हुआ था। बाइक से उतरकर हेलमेट और अपना बैग रखा। इसके बाद यमुना में छलांग लगा दी। वहां से गुजर रहे लोग कुछ समझ पाते तब तक युवक यमुना में छटपटाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह तेज लहरों में डूब गया।

लोगों ने बताया कि युवक छलांग लगाने से पहले फोन पर बात कर रहा था। अचानक उसने बाइक पर मोबाइल रखा और कूद गया। उसका मोबाइल लगातार बज रहा था। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल पर दी गई सूचना के बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।



नदी में छलांग लगाने वाले युवक का नाम जय बताया गया है। वो पुरा गोवर्धन गांव का रहने वाला है। बताया गया है कि वह घर से ऑफिस के लिए निकाला था। युवक की तलाश में गोताखोर लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।