
LIVE: राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा में अखिलेश पहुंचे,

Rahul-Tejashwi Yatra Day 14 : छपरा के एकमा से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा निकल गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और लालू की बेटी रोहिणी आचार्या भी राहुल गांधी, तेजस्वी यादव के साथ Voter Adhikar Yatra में शामिल हुए.
Day 14 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की यात्रा का आज (शनिवार, 30 अगस्त) 14वां दिन है। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा से आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी जुड़ गए हैं। राहुल-तेजस्वी की यात्रा छपरा (सारण) के एकमा से निकल चुकी है। यह यात्रा सारण से भोजपुर की तरफ बढ़ रही है। आरा में दोपहर को जनसभा होगी। एकमा में जीप पर राहुल, तेजस्वी, अखिलेश समेत इंडिया गठबंधन के बड़े नेताओं के साथ आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या भी सवार हैं।
सारण जिले के एकमा में आमदाढी के कर्णपुरा ब्रह्मस्थान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को रात्रि विश्राम किया था। सुबह 7.45 बजे से यात्रा शुरू होने वाली थी, लेकिन इसमें लगभग एक घंटे की देरी हुई।
भोजपुर में 30 किलोमीटर होगी यात्रा, आरा में जनसभा
भोजपुर जिले में बबुरा से आरा तक करीब 30 किमी वोटर अधिकार यात्रा होगी। आरा के वीर कुंवर सिंह मैदान में जनसभा आयोजित की गई है। इसमें राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के अलावा यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी संबोधित करेंगे।
बबुरा में स्वागत के लिए हाथी-घोड़े तैयार
सारण से भोजपुर जिले के प्रवेश द्वार बबुरा में राहुल-तेजस्वी समेत अन्य नेताओं के स्वागत के लिए हाथी, घोड़े और ऊंट भी स्वागत में मौजूद हैं। पारंपरिक गोड़ नाच समेत अन्य तरीकों से भव्य स्वागत किया जाएगा।
भोजपुर की 2 विधानसभा से गुजरेगी वोटर अधिकार यात्रा
राहुल-गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा आज भोजपुर जिले की 7 में से दो विधानसभा बड़हरा और आरा से गुजरेगी। दोनों क्षेत्रों में फिलहाल भाजपा का कब्जा है। इस बार महागठबंधन में कांग्रेस ने इन दोनों क्षेत्रों में दावेदारी जताई है। इसलिए राहुल गांधी का दौरा यहां महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले चुनाव में बड़हरा में राजद और आरा में सीपीआई माले ने महागठबंधन से चुनाव लड़ा था।