Thu. Mar 12th, 2026

दिल्ली पुलिस का 72 वां स्थापना दिवस कार्यक्रम

Share this News
No

आतंरिक सुरक्षा पर जोर दे पुलिस : उपराज्यपाल
नई दिल्ली, 16 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली पुलिस के 72 वें स्थापना दिवस पर नई पुलिस लाइन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आत्मघाती हमले पर दुख जताया। उसके बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराध पर काबू पाना चुनौती भरा है लेकिन दिल्ली पुलिस ने हर चुनौती का सामना सहज और सरल तरीके से किया है। उन्होंने पुलिस को आंतरिक सुरक्षा पर जोर देने को कहा। एलजी ने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस अपराध पर लगाम लगाने के लिए बेहतर प्रयत्न करेगी ताकि राजधानीवासियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
उपराज्यपाल ने कहा कि पिछले वर्ष पुलिस ने कई बड़े अच्छे कार्य व नयी योजनाओं का शुभारंभ किया। इसमें सबसे पहले महिला पीसीआर वैन,मोबाइल एप्प, 300 रफ्तार बाइक, स्वैट महिला कमांडो, प्रहरी और महिला पराक्रम टीम शामिल है। इसके साथ ही उपराज्यपाल ने राजधानी दिल्ली के सभी थानों में ई-मालखाना की शुरूआत करने पर पुलिस को बधाई दी। उपराज्यपाल ने अपराध पर काबू करने के लिए और सजग रहने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस ने पिछले वर्ष करीब दो लाख से ज्यादा महिलाओं व युवतियों को सेल्फ डिफेन्स की ट्रेनिंग देकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़ा काम किया। इसके लिए पुलिस का लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में नाम दर्ज हुआ।
उपराज्यपाल ने देश की सभी पुलिस की अपेक्षा में दिल्ली पुलिस को बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस दिल्ली की ही नहीं बल्कि देश की सुरक्षा करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली पुलिस को स्मार्ट और अपग्रेड करने की योजना पर काम कर रही है। इस योजना के अमल में आने के बाद काफी हद तक अपराध पर अंकुश लगेगा।
समारोह में किरण बेदी, दिल्ली पुलिस के कई पूर्व आयुक्त बीके गुप्ता,नीरज कुमारी, के.के पॉल, पुलिस के आयुक्त अमूल्य पटनायक समेत पुलिस के आला अधिकारी मौजूद थे।
पड़ोसी राज्यों की टुकड़ी विशेष आकर्षण रही
दिल्ली पुलिस की स्थापना दिवस पर इस साल दिल्ली पुलिस के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र के पुलिसकर्मी भी परेड में शामिल हुए थे। यह टुकड़ी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। परेड में दिल्ली पुलिस की सशस्त्र पुलिस की टुकड़ी, महिला सशस्त्र दस्ता, निशान टोली, महिला कमांडो दस्ता, ट्रैफिक पुलिस की टुकड़ी, ट्रैफिक मोटर साइकिल दस्ता, पीसीआर पराक्रम वैन, रक्षक वैन, स्वाट वैन, वज्र वैन, वाटर कैनन वैन ने भाग लिया। इसके साथ साथ पूर्वोत्तर राज्यों से दिल्ली पुलिस में भर्ती हुई महिला पुलिसकर्मियों की टुकड़ी भी शामिल हुई। 

Latest News