Sat. Apr 20th, 2024

बिठूर खेल महोत्सव में खेलेंगे एक हजार खिलाड़ी

Share this News

कानपुर, 19 दिसम्बर (हि.स.)। ऐतिहासिक बिठूर महोत्सव में इस बार खेल को भी शामिल किया गया है। इसके चलते बुधवार को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी ने बिठूर खेल महोत्सव 2018 का शुभारंभ कर दिया। इस खेल महोत्सव में 1000 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में मण्डलायुक्त सुभाष चन्द्र शर्मा, जिलाधिकारी विजय विश्वास पन्त और अपर जिलाधिकारी नगर विवेक श्रीवास्तव सिटी मजिस्ट्रेट ने बुधवार को दीप प्रज्जवलित कर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस खेल महोत्सव में 11 खेलों को सम्मिलित किया गया है, जिसमें लगभग 1000 खिलाड़ी खेलेंगे। इनको प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय आने पर वरिष्ठ खिलाड़ियों द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त सुभाष चन्द शर्मा ने में कहा कि इस खेल महोत्सव में 11 प्रकार को खेल होंगे और समस्त खिलाड़ी खेल की भावना से अपना खेल खेलें। हार जीत तो लगी ही रहती है। खिलाड़ी को पूरी ईमानदारी के साथ अपने खेल का प्रदर्शन करना चाहिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी विजय विश्वास पन्त ने कहा कि जल्द ही ग्रीन पार्क में स्विमिंग पूल, गन शूटिंग तथा अन्य और भी खेलों से संबंधित सुविधाओं से ग्रीन पार्क को लैस किया जाएगा। ताकि यहां पर आने वाले खिलाड़ियों को सुविधा मिल सके और वह बच्चे देश दुनिया में अपना नाम रोशन कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार बिठूर महोत्सव में खेलों के आने से इस महोत्सव की गरिमा और बढ़ जाएगी। खेल महोत्सव में सबसे पहले खिलाड़ियों की मैराथन प्रतियोगिता हुई। जिसमें प्रथम द्वितीय तथा तृतीय आने वाले खिलाड़ियों को मंडलायुक्त ने नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया, जिसमें पांच किलोमीटर क्रास कन्ट्री दौड़ महिला वर्ग में रजनी 5000, श्वेता 3000, मानसी 2000, सोनिया 1000, तनीषा 1000, मीनू को 1000 रुपये, पांच किलोमीटर क्रास कन्ट्री दौड़ में पुरुष वर्ग में संजू यादव 5000, मनोज यादव 3000, सूरज 2000, महेंद्र 1000, बाबू सिंह 1000, विजय कुमार को 1000 रुपये का क्रमशः प्रथम द्वितीय तृतीय चतुर्थ पंचम तथा षस्टम आने वालों खिलाड़ियों को पुरस्कार दिया गया।