Fri. Apr 19th, 2024

बेंगलुरु में बंद का दूसरा दिन : पथराव के बाद कई रूट पर सिटी बस सेवा रोकी

Share this News

बेंगलूरु, 9 जनवरी (हि.स.)। दस ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आहूत दो दिवसीय ‘भारत बंद’ का पहले दिन बेंगलुरु में कोई खास असर नहीं दिखा लेकिन दूसरे दिन बुधवार को सुबह कई बीएमटीसी बसों को निशाना बनाया गया जिसमें 5 वॉल्वो बसें क्षतिग्रस्त हुई हैं| क्षतिग्रस्त बसें डिपो संख्या 28 की हैं। उधर, पथराव की घटना के बाद विभाग ने डिपो संख्या-37 केन्गेरी वाली बस सेवा को रोक दिया गया है। शहर के मागड़ी रोड पर भी 7 बसों को निशाना बनाया गया है। शिमोगा में बुधवार को बस सेवा पुलिस सुरक्षा में शुरू की गई है।
मंगलवार को 12 से अधिक बस पर पथराव किया गया था जबकि बुधवार सुबह शहर के केन्गेरी, एयरपोर्ट रोड, सुम्मनहल्ली और बोम्मनहल्ली में 20 से अधिक बसों पर पथराव किया गया| इसके बाद बीएमटीसी बसों का परिचालन एकदम कम कर दिया गया। इससे सुबह के समय स्कूल, कालेज, कार्यालयों समेत अपने कार्यस्थल पर जाने वाले लोगों को काफी दुश्वारी हुई। शहर के थिएटर आज भी खुले दिखे| वहां पुलिस का व्यापक बंदोबस्त था।
स्कूलों और कालेजों को जाने के लिए घर से निकले छात्रों को बसों के अभाव में वापस लौटना पड़ा। अनेक लोग ऑटो या कैब पकड़कर अपने गंतव्य तक गए जबकि काफी लोग मेट्रो से पहुंचे। बुधवार को पूरे राज्य में पेट्रोल पम्प खुले हैं| अस्पताल, मेडिकल, दूध के बूथ, एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से अलग रखा गया है। सुबह के समय सब्जी और फल बाज़ार केआर मार्केट पूरी तरह से खुला था| हालांकि वहां खरीददार ज्यादा नहीं दिखाई दिए।
शहर के स्कूल-कॉलेजों ने मंगलवार और बुधवार को छुट्टी घोषित कर दी थी लेकिन बुधवार को कई संस्थान खुले। बुधवार के दिन सुबह निजी बसें, ऑटो, टैक्सी उपलब्ध दिखीं। हालांकि, शहर से अन्य गंतव्यों तक जाने वाली केएसआरटीसी की बसों का आंशिक रूप से परिचालन दिखाई दिया।
उत्तर कर्नाटक के गदग शहर में मंगलवार को कुछ सरकारी बसों पर हुए पथराव के बाद बसों को नहीं चलाने का फैसला लिया। यहां यह सेवा पूरी तरह से बंद कर दी गई।
उधर, सीटू ने अपनी मांगों के समर्थन में कारवार में विरोध-प्रदर्शन किया। बंद के दूसरे दिन प्रदेश के हुब्बल्ली, शिमोगा, मेंगलुरु, कलबुर्गी और दूसरे शहरों में सामान्य जनजीवन पर कोई असर नहीं दिखाई दिया है|