Fri. Mar 29th, 2024

बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, मुंबईवासी परेशान

Share this News

मुंबई, 09 जनवरी (हि.स.)। मुंबई में बुधवार को बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहने से कामकाजी मुंबईवासियों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है। बेस्ट कामगार कृति समिति के अध्यक्ष शशांक राव ने जब तक बेस्ट कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हो जाती , तब तक हड़ताल जारी रखने की घोषणा की है। हालांकि शिवसेना प्रणीत कामगार सेना ने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया है, लेकिन बेस्ट प्रशासन की 3200 बेस्ट बसें बुधवार को भी डिपो से नहीं निकली हैं।
बेस्ट प्रशासन ने बुधवार को 500 बसों को रास्ते पर उतारने की घोषणा की थी| लेकिन सुबह से एक भी बस रास्ते पर नहीं उतरी हैं। बेस्ट के 1240 चालकों में सिर्फ 4 चालक बुधवार को काम पर पहुंच सके हैं। इसी तरह 1190 वाहकों में सिर्फ वाहक,123 निरीक्षकों में से 36 निरीक्षक, 148 में से 13 स्टार्टर ही बुधवार को काम पर पहुंचे हैं। इससे बेस्ट बसें डिपो में ही कैद हैं। राज्य सरकार ने मुंबई वासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसटी महामंडल की अतिरिक्त बसें चलाने की घोषणा की थी, लेकिन यह घोषणा हवा-हवाई साबित हुई है। उल्लेखनीय है कि सोमवार की मध्य रात्रि से बेस्ट कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, बेस्ट उपक्रम का वार्षिक बजट मुंबई महानगर पालिका के बजट में समाविष्ट किए जाने, 2007 से भर्ती कामगारों के वेतन ग्रेड में सुधार किए जाने संबंधित मांग को लेकर हड़ताल शुरू की है। इन्हीं मांगों पर सोमवार को बेस्ट महाव्यवस्थापक सुरेंद्र बागड़े के साथ बेस्ट कर्मचारी संगठनों के नेताओं की बैठक हुई थी, लेकिन बैठक अनिर्णित रही| इससे बेस्ट कामगार कृति समिति के अध्यक्ष शशांक राव ने हड़ताल जारी रखने की घोषणा की है। बेस्ट बसों की हड़ताल से मुंबईवासी परेशान हो गए हैं। बेस्ट कर्मचारियों की ओर से उनकी विभिन्न मांगों के समर्थन में की गई इस हड़ताल का फायदा रिक्शा-टैक्सी चालक उठा रहे हैं। इसलिए कामकाजी लोगों को काम पर जाने के लिए अधिक पैसे देने पड़ रहे हैं। इस संबंध में आज बुधवार को आयुक्त अजोय मेहता, बेस्ट महाव्यवस्थापक सुरेंद्र बागड़े, बेस्ट कर्मचारी यूनियन के नेता शशांक राव की बैठक होने वाली है। इस बैठक में बेस्ट कर्मचारियों की मांग पर निर्णय लिया जा सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार इस हड़ताल की वजह से बांद्रा, दादर, अंधेरी, बोरीवली, मुंबई सेंट्रल, चर्चगेट, मुंबई सीएसटी, भायखला, घाटकोपर, ठाणे, नई मुंबई के स्टेशनों पर कामकाजी लोगों को बेस्ट की बसें न होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है।