Sat. Apr 20th, 2024

राम मंदिर निर्माण के लिए विहिप ने शुरू किया सांसद सम्पर्क अभियान

Share this News

लखनऊ, 26 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर भव्य श्रीराम मन्दिर के निर्माण के लिए विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने सांसद सम्पर्क अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान देशभर में 10 अगस्त तक चलेगा। विहिप पदाधिकारी सभी राजनीतिक दल के सांसदों से मिलकर राम मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील करेंगे।
अवध प्रान्त के संगठन मंत्री भोलेन्द्र ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया सांसद सम्पर्क अभियान विहिप हर वर्ष चलाती है। प्रत्येक वर्ष का विषय अलग रहता है। इस वर्ष का विषय श्रीराम मंदिर और विहिप के सेवा कार्य हैं।
भोलेन्द्र ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि इस बार विहिप के पदाधिकारी अपने- अपने क्षेत्रों के सांसदों को विशेष रूप से विहिप द्वारा संचालित सेवा कार्य और श्रीराम मंदिर आन्दोलन से संबंधित वर्तमान स्थिति की जानकारी दे रहे हैं।
प्रान्त संगठन मंत्री ने कहा कि विहिप का सांसद सम्पर्क अभियान जारी है। सांसदों से मुलाकात के दौरान विहिप के पदाधिकारी श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए संसद में प्रस्ताव लाने की अपील कर रहे हैं। सारे तथ्य और सबूत हिन्दू समाज के पक्ष में है। सितम्बर माह में कोर्ट का निर्णय आने वाला है और अक्टूबर माह में श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरु हो जायेगा। निर्णय पक्ष में न आने पर सांसदों पर दबाव बनाकर संसद में प्रस्ताव पारित किया जायेगा। सोमनाथ मंदिर की तरह श्रीराम मंदिर का निर्माण किया जायेगा।
विश्व हिन्दू परिषद अवध प्रान्त के प्रान्त सेवा प्रमुख देवेन्द्र मिश्र ने बताया कि विहिप के सेवा कार्यों की जानकारी समाज तक पहुंचाने के लिए विहिप के कार्यकर्ताओं ने ‘‘सेवा दिशा एप’’ लांच किया है।
प्रत्येक प्रान्त से विहिप की तरफ से सेवा का काम देखने वाला प्रान्तीय स्तर का पदाधिकारी ‘एप’ का एडमिन होगा। हर जिले का एक ग्रुप होगा। दिशा एप के माध्यम से विहिप के सेवा कार्यों समेत संगठनों के कार्यक्रमों और आगामी योजनाओं की भी त्वरित जानकारी निचले स्तर तक के कार्यकर्ताओं तक पहुंचायी जायेगी।