Tue. Apr 23rd, 2024

अब कांग्रेस में जायेगें कन्हैया

Share this News

अब कांग्रेस में जायेगें कन्हैया

B.B.J-DESK

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता कन्हैया कुमार 28 सितंबर को यानी शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्मदिन पर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। उम्मीद है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ही उन्हें पार्टी में लेकर आ रहे हैं। उनके साथ ही गुजरात के दलित कार्यकर्ता और विधायक जिग्नेश मेवानी के भी कांग्रेस में आने की चर्चा है।

बिहार में अपना जनाधार खो चुकी कांग्रेस के पास राज्य में कोई बड़ा चेहरा नहीं है। ऐसे में क्या वह कन्हैया कुमार में भविष्य का नेता देख रही है? क्या लेफ्ट से सेंटर आने के बाद कन्हैया वह सब कर सकेंगे, जो वो करना चाहते हैं। दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के छात्रसंघ का नेतृत्व कर सुर्खियों में आए कन्हैया से कांग्रेस को क्या उम्मीदें हैं? आइए जानते हैं…

कन्हैया कांग्रेस में क्यों जा रहे हैं?

वरिष्ठ पत्रकार अरविंद मोहन कहते हैं कि CPI में किसी के लिए कोई बड़ी संभावना नहीं बची है। ऐसे में कोई युवा नेता अगर राजनीति में करियर बनाना चाहता है तो उसे परेशानी होगी। इसलिए कन्हैया भी अपने लिए नए विकल्प तलाश रहे थे। वो कहते हैं कि CPI भी कन्हैया को बढ़ाने में रुचि नहीं ले रही थी। पिछले चुनाव में जब गठबंधन बढ़िया बन गया था, लेकिन उनकी पार्टी ने उन्हें प्रमोट नहीं किया। चुनाव के दौरान कन्हैया ने जो टूर शुरू किया था उसे भी पार्टी लीडरशिप ने रुकवा दिया था।

दरअसल, उनके सामने कोई रास्ता ही नहीं था। उनकी अपनी पार्टी CPI फरवरी में उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर चुकी है। पार्टी के पटना ऑफिस में कन्हैया ने 1 दिसंबर 2020 को कार्यालय सचिव इंदुभूषण वर्मा के साथ मारपीट की थी। उस समय हैदराबाद में CPI नेशनल काउंसिल की बैठक चल रही थी।

दरअसल, बेगूसराय जिला काउंसिल की बैठक होनी थी। इसके लिए ही कन्हैया अपने समर्थकों के साथ पार्टी दफ्तर पहुंचे थे। किसी कारण से बैठक स्थगित कर दी गई। इसकी सूचना न देने को लेकर कन्हैया नाराज थे। इस पर कन्हैया समर्थकों ने वर्मा के साथ बदसलूकी की। तब हैदराबाद में कन्हैया के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित हुआ था। यहीं से कन्हैया का CPI से मोहभंग हो गया।

पिछले काफी समय से कन्हैया के कांग्रेस जॉइन करने की खबरें चल रही थीं। पिछले हफ्ते CPI महासचिव डी. राजा ने उनसे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अफवाहों को खारिज करने को कहा था। दिल्ली में पार्टी के दफ्तर में केंद्रीय नेता उनका इंतजार कर रहे थे, पर कन्हैया गए नहीं। पार्टी नेताओं के मैसेज और फोन कॉल्स का भी जवाब नहीं दिया।

 

CPI से क्या चाहते हैं कन्हैया?

कन्हैया ने इस संबंध में कुछ नहीं कहा है। सूत्रों का कहना है कि CPI के कुछ नेता कन्हैया के संपर्क में थे। कन्हैया ने उन्हें दो टूक कह दिया है कि वे CPI के स्टेट चीफ बनना चाहते हैं। साथ ही चुनाव समिति का चेयरमैन बनना चाहते हैं। ताकि प्रत्याशियों का सिलेक्शन वह करें।

CPI के नेताओं का कहना है कि कोई भी नेता इस तरह की मांग नहीं कर सकता। यह पार्टी अपने लोगों पर फैसले खुद लेती है। जिम्मेदारी भी पार्टी की सर्वोच्च बॉडी ही तय करती है। अगर कन्हैया की कोई महत्वाकांक्षा है तो उसे टॉप लीडरशिप से बात करना चाहिए। हालांकि, लग नहीं रहा कि कन्हैया अब पीछे हटने वाले हैं।

CPI ने कन्हैया को 2019 के लोकसभा चुनाव में बेगूसराय सीट से भाजपा के गिरिराज सिंह के खिलाफ उतारा था। इस चुनाव में कन्हैया 4 लाख से अधिक वोटों से हारे थे। कन्हैया ने भीड़ को तो खींचा पर जीत नहीं पाए, इस वजह से पार्टी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी देने में हिचक रही है। पार्टी की नेशनल काउंसिल की मीटिंग में 2 अक्टूबर को कन्हैया पर फैसला हो सकता है।

हालांकि, अरविंद मोहन कहते हैं कि कन्हैया ने बेगूसराय का चुनाव बहुत अच्छा लड़ा। उनके सामने राजद के अब्दुल बारी सिद्धिकी जैसे नेता भी थे। इसके बाद भी वो दूसरे नंबर पर रहे। ऐसे में कन्हैया को नए विकल्प तलाशने पड़े।

कन्हैया के आने से कांग्रेस को बिहार में क्या लाभ मिल सकता है

बिहार में जदयू और राजद जैसी क्षेत्रीय पार्टियों की बात करें या भाजपा-कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियों की, सभी पार्टियों में दूसरी लाइन के नेता आगे आ रहे हैं।

राजद में तो तेजस्वी ने कमान संभाल ही ली है। लोक जनशक्ति पार्टी का नेतृत्व चिराग पासवान के पास है। जदयू के नीतीश पहले ही कह चुके हैं कि अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। भाजपा ने भी सुशील कुमार मोदी को मुख्य जिम्मेदारी से हटाकर संकेत साफ कर रखे हैं।

 

ऐसे में कांग्रेस के पास कोई युवा नेता नहीं है, जो लंबी दूरी का घोड़ा बन सके। उसे कन्हैया में संभावनाएं नजर आ रही हैं, जो लंबे समय में राज्य स्तर पर पार्टी को मजबूती दे सकता है। बिहार में जितनी जरूरत कांग्रेस को कन्हैया की है, उतनी ही जरूरत कन्हैया को कांग्रेस की भी है।

 

JNU में 9 फरवरी 2016 को हुई घटना से कन्हैया कुमार देशभर में सुर्खियों में आए थे। इस दौरान कॉलेज में हुए प्रदर्शन को समर्थन देने राहुल गांधी भी JNU पहुंचे थे।

कन्हैया के लिए कांग्रेस क्यों अच्छा विकल्प है?

कन्हैया ने 2019 लोकसभा चुनाव बेगूसराय से लड़ा। गठबंधन की अनदेखी से उन्हें करारी हार का मुंह देखना पड़ा। रिजल्ट की समीक्षा में कन्हैया के सलाहकारों का कहना था कि CPI से राजनीति की शुरुआत सही फैसला नहीं था। राजद ने तेजस्वी को उतारकर कन्हैया की मुश्किलें और बढ़ा दी थीं।

 

कन्हैया की राजनीति भाजपा-विरोध पर आधारित है। JNU के नारेबाजी कांड ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। ऐसे में वे भाजपा में जा नहीं सकते। संसदीय राजनीति के लिए क्षेत्रीय पार्टियां सही नहीं हैं। इस वजह से उन्हें राष्ट्रीय पार्टी की जरूरत है। कांग्रेस के अलावा फिलहाल उनके सामने कोई मजबूत विकल्प नहीं है।

 

बिहार की बात करें तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। हाईकमान बुजुर्ग नेताओं को अलग करना चाहता है। चिराग-तेजस्वी जिस तरह से नीतीश सरकार पर हमले बोल रहे हैं, उतनी ताकत से हमले बोलने वाला कांग्रेस के पास कोई नहीं है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद ही कन्हैया राज्य में बड़ी ताकत बन सकेंगे।

 

बिहार में लंबे समय तक पत्रकारिता करने वाले नागेंद्र प्रताप कहते हैं कि ये प्रियंका की राजनीति का असर है। अगर कन्हैया जैसे लोग कांग्रेस में आते हैं तो कांग्रेस खुद को रिवाइव कर सकती है। अभी की स्थिति में कांग्रेस इस स्थिति में नहीं है कि वो तेजस्वी को चैलेंज कर सके, ऐसे में वो खुद को मजबूत करने की ही कोशिश करेगी।

 

वहीं, राजद प्रवक्ता प्रेम कुमार मणि कन्हैया के कांग्रेस में शामिल होने में कांग्रेस को कोई फायदा होता नहीं देखते हैं।

 

क्या जिम्मेदारी मिल सकती है कांग्रेस में कन्हैया को?

फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। सितंबर की शुरुआत में CPI की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सबसे युवा सदस्य कन्हैया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। तब से ही अटकलों का बाजार गरमा गया था। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल कन्हैया को राज्य पर फोकस करने के लिए कहा जा सकता है।

 

राहुल गांधी ने 16 जुलाई को सोशल मीडिया वॉलंटियर्स की बैठक में कहा था, “बहुत-से लोग हैं जो BJP-RSS से नहीं डरते हैं। वे कांग्रेस के बाहर हैं। वे सभी लोग हमारे हैं। उनको लाएंगे और जो हमारी पार्टी में रहकर डरते हैं उन्हें बाहर करना चाहिए। वे RSS में जा सकते हैं। हमें उनकी जरूरत नहीं है। हमें बेखौफ लोग चाहिए।’

 

अगर राहुल के इस बयान को डीकोड किया जाए तो कन्हैया और जिग्नेश मेवानी जैसे युवाओं को महत्वपूर्ण भूमिका मिल सकती है।

Latest News