Tue. Apr 23rd, 2024

ट्रम्प और किम शिखर वार्ता के लिए व्हाइट हाउस में मंथन शुरू

Share this News

वाशिंगटन, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तरी कोरियाई तानाशाह किम जोंग-उन के शिखर वार्ता प्रस्ताव पर व्हाइट हाउस में मंथन शुरू हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इस शिखर वार्ता के लिए उत्साही बताए जाते हैं। उन्होंने शुक्रवार की देर शाम एक बार फिर ट्वीट करते हुए इसे एक अच्छा ‘सौदा’ (डील) बताया है और कहा है कि यह सिरे चढ़ता है तो विश्व के लिए अच्छा है। इस शिखर वार्ता के लिए उत्तरी कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच निशस्त्रिकरण क्षेत्र में स्थित पीस बिल्डिंग कांफ़्रेंस हाल को उपयुक्त स्थान बताया जा रहा है। इसके लिए राजनयिक प्रक्रिया को युक्तिसंगत बनाये जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। व्हाइट हाउस प्रेस सचिव सारा हक़बी सैंडर्स ने कहा है कि अमेरिका किसी भी शर्त पर छूट देने को तैयार नहीं है। इसके विपरीत उत्तरी कोरिया ने आणविक हथियारों और मिसाइल के परीक्षण नहीं किए जाने का वादा किया है। यह बैठक तब तक नहीं होगी, जब तक उत्तरी कोरिया से पुख़्ता कार्रवाई के लिए वादा नहीं होता। दूसरे, मार्च के अंत में दक्षिण कोरिया और अमेरिका की ओर से संयुक्त सैन्य अभ्यास तय है। उधर राष्ट्रपति ट्रम्प के सहायक किम और किम के प्रस्ताव पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। मंथन में एक बात यह समझ आ रही है कि यह न्योता सीधे ना आ कर दक्षिण कोरियाई सुरक्षा सलाहाकार के माध्यम से आया है और ट्रम्प की ओर से प्रस्ताव स्वीकार करने के बाद अभी तक किम की ओर से कोई पुष्टि नहीं हुई है।

Latest News