हिमा दास ने 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर बनाया इतिहास

Share this News

टेम्पेरे (फिनलैंड), 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय खिलाड़ी हिमा दास ने गुरुवार को फिनलैंड के टेम्पेरे में आईएएफ वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रचा है। यह पहली बार है कि किसी भारतीय को आईएएएफ की ट्रैक स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल हुआ है। प्रतियोगिता में रोमानिया की एंड्रिया मिकलोस को रजत और और अमेरिका की टेलर मैंसन को कांस्य पदक मिला।
हिमा ने राटिना स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 51.46 सेकेंड का समय निकालते हुए जीत हासिल की। इस प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। विश्व जूनियर चैंपियनशिप में भारत के लिए महिला खिलाड़ी को तौर पर इससे पहले सीमा पूनिया (2002 में चक्का फेंक में कांस्य) और नवजीत कौर ढिल्लों (2014 में चक्का फेंक में कांस्य) पदक जीत चुके हैं।
हिमा दास मौजूदा अंडर-20 सत्र में सर्वश्रेष्ठ समय निकालने के कारण यहां खिताब की प्रबल दावेदार थीं। वह अप्रैल में गोल्ड कोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की 400 मीटर स्पर्धा में तत्कालीन भारतीय अंडर-20 रिकॉर्ड 51.32 सेकेंड के समय के साथ छठे स्थान पर रही थीं। इसके बाद, गुवाहाटी में हाल में राष्ट्रीय अंतर राज्य चैंपियनशिप में उन्होंने 51.13 सेकेंड के साथ अपने इस रिकॉर्ड में सुधार किया।
एक ट्रैक खिलाड़ी के तौर पर भले ही हिमा दास इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वली पहली खिलाड़ी हों, मगर पहला स्वर्ण भाला फेंक के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने 2016 में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए जीता था।