Tue. Oct 21st, 2025

शुक्रवार को पड़ेगा सदी का सबसे लम्बा पूर्ण चन्द्रग्रहण

Share this News

उज्जैन, 26 जुलाई (हि.स.)। शुक्रवार, 27 जुलाई को पूर्ण चन्द्र ग्रहण पड़ रहा है। ग्रहण का प्रारम्भ रात्रि 11.54.02 बजे से होगा। पूर्ण ग्रहण की स्थिति मध्य रात्रि 1.51.08 बजे होगी। मोक्ष की स्थिति रात्रि 03.49.03 बजे होगी। इस प्रकार ग्रहण की अवधि 03 घण्टे 55 मिनट की रहेगी एवं पूर्ण ग्रहण की स्थिति 01 घण्टे 43 मिनट तक रहेगी। यह सदी का अब तक सबसे अधिक समय तक लगने वाले पूर्ण चंद्रग्रहण होगा।
ग्रहण का प्रतिशत 161.4 होने के कारण चन्द्रमा पूर्ण ग्रहण की स्थिति में दिखेगा। पूर्ण चन्द्र ग्रहण अंटार्कटिका, आस्ट्रेलिया, मध्य-पूर्व एवं दक्षिण अमेरिका, रशिया, अफ्रीका एवं एशिया में दृश्य होने के कारण भारत में भी अच्छी प्रकार से देखा जा सकेगा। जीवाजी वेधशाला में टेलिस्कोप के माध्यम से ग्रहण को देखने की व्यवस्था की गई है। वेधशाला अधीक्षक राजेन्द्र प्रकाश गुप्त ने अनुरोध किया है कि शहरवासी वेधशाला आकर इस खगोलीय घटना के साक्षी बने। ग्रहण देखने के लिए आकाश खुला होना अत्यन्त आवश्यक है। बादल होने की स्थिति में ग्रहण नहीं देख पायेंगे।