वंदे भारत एक्सप्रेस में आई तकनीकी खराबी

Share this News

हाथरस, 16 फरवरी (हि.स.)। हावड़ा दिल्ली रेल मार्ग के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस के रुक जाने से रेल महकमे में हड़कंप मच गई।
दिल्ली की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के एक एक्सल से हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास आवाज आने लगी, जिसको देखते हुए चालक ने ट्रेन को स्टेशन पर रोक दिया। ट्रेन के रुक जाने से वहां मौजूद लोग और रेल अधिकारी हैरान रह गए। जब सभी ट्रेन के पास पहुंचे और उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई तो आनन-फानन में रेल अधिकारी ट्रेन में आई कमी को दूर करने में जुट गए। ये ट्रेन हाथरस जंक्शन स्टेशन पर 8:55 से 10:22 तक रुकी रही। ट्रेन में केवल रेल अफसर ही सवार थे। गार्ड प्रवीन कुमार ने बताया कि इतना बड़ा सिस्टम है, छोटी-मोटी दिक्कत कभी-कभार आ जाती है। रेलवे के आला अधिकारी फिलहाल मामले में कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।

Latest News