Sat. Apr 27th, 2024

राहुल बतायें कैसे 5 हजार करोड़ की संपत्ति 50 लाख में हासिल की : रविशंकर

Share this News

नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हेराल्ड हाउस खाली करने के उच्च न्यायालय के फैसले के बाद राहुल गांधी से सफाई देने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि राहुल को बताना चाहिए कि कैसे 5 हजार करोड़ की संपत्ति 50 लाख में उनके पारिवारिक ट्रस्ट को मिल गई?
केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां प्रेसवार्ता कर कहा, ‘‘देश की सार्वजनिक संपत्ति का सोनिया जी, राहुल गांधी और उनके परिवार के लोग किस तरह से दुरुपयोग करते हैं| इस पर कल दिल्ली हाईकोर्ट की भी मोहर लगी है।’’ कोर्ट ने कांग्रेस के घपले और गड़बड़ियों का संज्ञान लिया है और अपने फैसले में इनका जिक्र किया है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने कांग्रेस के मुखपत्र नेशनल हेराल्ड के दिल्ली स्थित दफ्तर को खाली करने के केंद्र के आदेश को चुनौती देने वाली एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) की याचिका खारिज कर दी थी। आरोप था कि पिछले 10 साल से इमारत में नेशनल हेराल्ड अखबार का प्रकाशन नहीं हो रहा।
भाजपा नेता ने पूछा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद राफेल मुद्दे पर सरकार पर आरोप लगाने वाले राहुल इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘आप (राहुल) देश को बतायें 5 हजार करोड़ की संपत्ति व सरकारी जमीन को दिखावे के ट्रस्ट के नाम पर कैसे अपने नाम कर लिया।’’ वह 50 लाख देकर हजारों करोड़ के मालिक बन जाते हैं| रवि शंकर ने कहा कि हेराल्ड हाउस पर खामोशी से काम नही चलेगा। भाजपा सारे नियमों को धता बताकर की गई लूट की भर्त्सना करती है। राहुल को ‘आंख में आंख मिलाकर’ इस मुद्दे पर महज पत्रकारों के सवालों का ही जवाब देना चाहिए।