Sat. Apr 27th, 2024

चुनाव प्रचार में तार-तार होती नारी मर्यादा

Share this News

यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता अर्थात् जहां नारी का सम्मान होता है, पूजा होती है, वहां देवता वास करते हैं। नारी का सम्मान जहां, मानवता का उत्थान वहां। भारत में पुरातन काल से ही नारी को देवी का दर्जा दिया गया है। नारी किसी भी रूप में रहे, हर रूप में पूजनीय है, वंदनीय है। व्यक्ति कोई भी हो, उसे सबसे पहले मां का ही सानिध्य मिलता है।

राजनीति में महिला के सम्मान की बात की जाए तो उन्होंने कई बार सफलता के उच्च आयाम स्थापित किए हैं। हमारे देश में महिला प्रधानमंत्री भी बनी हैं तो राष्ट्रपति के पद को भी सुशोभित किया है। इसी प्रकार कई महिलाएं मुख्यमंत्री बनी हैं तो राज्यपाल पद पर भी रही हैं। आज बहुजन समाज पार्टी और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया भी महिला ही हैं। इसे देखकर यही कहा जा सकता है कि भारतीय राजनीति में जब भी महिलाओं को अवसर मिला है, उन्होंने अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन किया है। लेकिन इसके साथ ही पूर्व की तरह ही महिलाओं की राह में कई प्रकार के अवरोध आज भी बने हुए हैं। देश की आधी शक्ति के रूप में स्थापित महिलाओं का अपमान करने वाले पुरुषों को क्षमा करना वास्तव में उनका हौसला बढ़ाने के बराबर ही होगा।

आज राजनीति में नारी को लेकर खुलेआम अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल हो रहा है। उत्तरप्रदेश के पूर्व मंत्री आजम खान ने फिल्म अभिनेत्री और भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा को लेकर जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किया है, वह निश्चित रूप से यही प्रमाणित करता है कि नारियों को आजम खान किस दृष्टि से देखते हैं। हो सकता है कि वह नारियों को केवल उपभोग की वस्तु समझते हों। वैसे भी आजम खान के संप्रदाय में महिलाओं को वह सम्मान नहीं मिल सका है, जो भारतीय संस्कृति में मिला हुआ है। इसीलिए मुस्लिम समाज की महिलाओं ने पुरुष वर्ग के बनाए नियमों को गंभीर चुनौती भी दी। तीन तलाक की प्रताड़ना सहने वाली मुस्लिम समाज की महिलाओं ने इस दायरे से निकलने का भरसक प्रयास किया। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद तीन तलाक कानून को समाप्त कर महिलाओं को न्याय दिलाने में एक बड़ा कदम उठाया गया। जिसे देश की मुस्लिम महिलाओं ने अपनी स्वतंत्रता के समान निरूपित किया।

ऐसी बात नहीं है कि भारत माता को डायन कहने वाले आजम खान ने ही भारतीय महिलाओं का अपमान किया है। इससे पूर्व भी कई बार महिलाओं को पुरुष नेताओं के गलत दृष्टिकोण का शिकार होना पड़ा है। कुछ समय पूर्व कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस के एक कार्यक्रम में महिलाओं को सौ टंच खरा माल बताकर अपनी मानसिकता को उजागर कर दिया था।

जहां तक आजम खान के बयान की बात है तो चुनाव आयोग ने उनपर प्रतिबंध लगाकर यह तो प्रमाणित कर ही दिया है कि आजम खान ने गलती की है लेकिन उनको चुनाव आयोग ने जिस प्रकार की सजा दी है, क्या वह ऐसे घिनौने कृत्य के लिए पर्याप्त मानी सकती है? आजम खान का अपराध तो ऐसा है कि जीवन भर उन्हें चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने से रोका जाए तो भी वह कम ही होगी। सबसे बड़ी विसंगति तो यह है कि जब आजम खान इस प्रकार की अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर रहे थे, तब उस समय मंच पर मौजूद राजनेताओं ने तालियां पीटकर भारतीय महिला के अपमान का तमाशा देखा था।
हम भले ही इस बात के दावे कर रहे हों कि हर क्षेत्र में महिलाओं का वर्चस्व बढ़ रहा है लेकिन इसके उलट यह भी सच है कि कहीं न कहीं पुरुष की सोच के कारण महिलाएं अपनी क्षमताओं का शत-प्रतिशत प्रदर्शन नहीं कर पा रही हैं। जिस प्रकार आजम खान ने जयाप्रदा को लेकर टिप्पणी की है, उसे सुनकर कोई भी महिला मैदान से पीछे भी हट सकती है। इस प्रकार की सोच वाले व्यक्तियों के कारण ही आज महिलाएं संकुचित दायरे में हैं।
इसे और स्पष्ट शब्दों में परिभाषित किया जाए तो यह परिलक्षित होता है कि भारतीय राजनीति पूरी तरह से दूषित हो गई है। अभी हाल ही में कांग्रेस की अखिल भारतीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी के साथ उन्हीं के पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहुत ही अशोभनीय हरकत कर दी। जिसे लेकर प्रियंका चतुर्वेदी ने हाईकमान को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की मांग करते हुए आहत स्वर में कहा कि कांग्रेस में अब गुंडों को सम्मान मिलने लगा है। समर्पित कार्यकर्ताओं की कोई कद्र नहीं है। उल्लेखनीय है कि प्रियंका चतुर्वेदी कांग्रेस में एक जिम्मेदार पद पर थीं। इतने बड़े पद पर होने के बाद भी उनके साथ अश्लील हरकत हो जाना कहीं न कहीं नारी शक्ति का अपमान ही कहा जाएगा। महिलाओं के प्रति इस प्रकार की सोच राजनीति से जुड़ी ऐसी गंदगी है जो वास्तव में प्रतिभाशाली और योग्य महिलाओं को राजनीति से दूर रखती है।