Sat. Apr 27th, 2024

हॉकी इंडिया ने मुश्ताक अहमद और आशिमा अली को दी बधाई

Share this News
No

नई दिल्ली, 22 फरवरी (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मो. मुश्ताक अहमद को गिफू में आयोजित एएचएफ कांग्रेस में एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) के नए उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने पर बधाई दी है।
मुश्ताक अहमद 01 अक्टूबर 2018 से हॉकी इंडिया के अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। अहमद पहले हॉकी इंडिया के महासचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा हॉकी इंडिया ने एएचएफ के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य के रूप में निर्विरोध चुने जाने पर अपने उपाध्यक्ष आशिमा अली को भी बधाई दी है। हॉकी जम्मू और कश्मीर की आशिमा अली, 01 अक्टूबर 2018 से हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष के रूप में सेवारत हैं।
हॉकी इंडिया के महासचिव राजिंदर सिंह ने मुश्ताक अहमद और आशिमा अली को बधाई देते हुए कहा कि मैं हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद और उपाध्यक्ष आशिमा अली को एएचएफ कार्यकारी बोर्ड के सदस्य चुने जाने पर बधाई देता हूं। अहमद और अली दोनों ने हॉकी इंडिया को नई ऊचाइंयों तक पहुंचाने के लिए अथक प्रयास किया है और हॉकी इंडिया को देश में सबसे अधिक पेशेवर संघ में बदल दिया है। हमें दोनों पर गर्व है। हॉकी इंडिया की तरफ से मैं दोनों को शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि वे अपनी मेहनत से एशियाई हॉकी महासंघ को और आगे ले जाएंगे।