Sun. Apr 28th, 2024

झारखंड में लोकसभा चुनाव का पहला चरण

Share this News

चतरा में महागठबंधन फेल, लोहरदगा व पलामू में भाजपा से सीधी टक्कर
रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)।
झारखंड में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिये बिसात बिछ चुकी है। राज्य में पहले चरण में लोकसभा की तीन सीटों चतरा, लोहरदगा और पलामू में 29 अप्रैल को मतदान होना है। इन तीनो सीटों पर अभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा है। पर लोकसभा का यह चुनाव पिछले चुनाव से अलग है।
इस बार राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भाजपा को सरकार में शामिल आजसू के अलावा जनता दल-यू और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का साथ मिल रहा है। उधर विपक्षी वोटों के बिखराव को रोकने के लिये कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने महागठबंधन बनाया है। हालांकि चतरा में महागठबंधन का फार्मूला फेल कर गया।
महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे में चतरा कांग्रेस के कोटे में गयी थी। लेकिन राजद इस सीट को लेकर अड़ गया और वहां से सुभाष यादव को चुनाव मैदान में उतार दिया। बाद में कांग्रेस ने भी चतरा से मनोज यादव को खड़ा कर दिया । उम्मीद जतायी जा रही थी कि इनमें से कोई एक नामांकन वापसी के अंतिम दिन अपना नाम वापस ले लेंगे। लेकिन ऐसा नही हुआ। अब वहां राजद और कांग्रेस के बीच दोस्ताना लड़ाई लड़ने की बात कही जा रही है। वहीं भाजपा ने काफी जद्दोजहद के बाद चतरा से फिर वर्तमान सांसद सुनील सिंह को ही चुनाव मैदान में उतारा है।
ऐसे में झारखंड में पहले चरण के चुनाव को लेकर जो तस्वीर उभर कर सामने आ रही है उसके अनुसार चतरा में राजद और कांग्रेस की मौजूदगी से चतरा का चुनावी दंगल त्रिकोणीय मुकाबले में फंस गया है। जबकि लोहरदगा और पलामू में एनडीए और महागठबंधन के बीच आमने-सामने की लड़ाई होने के आसार हैं। वैसे चतरा से 26, लोहरदगा से 14 और पलामू से 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
चतरा से 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सुनील सिंह ने कांग्रेस के धीरज साहू को एक लाख 78 हजार 26 मतों से हराया था। सुनील सिंह को 2,95,862 और धीरज साहू को 1,17,836 वोट मिले थे। उस चुनाव में झाविमो ने नीलम देवी को उम्मीदवार बनाया था। उन्हे 1,04,176 वोट मिले थे। नीलम देवी अब भाजपा में हैं। आजसू ने भी 2014 में चतरा से नागमणि को मैदान में उतारा था। नागमणि को 35,674 वोट मिले थे। इस बार आजसू भी एनडीए में भाजपा के साथ है।
इस बार चतरा से सुभाष यादव को मैदान में उतारकर राजद ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी है। महागठबंधन के दोनों दलों के बीच दोस्ताना संघर्ष से बनी त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा का रास्ता आसान होते दिख रहा है।
लोहरदगा में एनडीए उम्मीदवार भाजपा के सुदर्शन भगत तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। सुदर्शन भगत केंद्र में मंत्री हैं। वह 2009 और 2014 में लोहरदगा से दो बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के स्थानीय विधायक और महागठबंधन के सुखदेव भगत से है। दोनों भगत आमने सामने होंगे। उनके बीच कांटे की टक्कर की संभावना जतायी जा रही है। पूर्व में भी लोहरदगा सीट पर कड़ा मुकाबला होता रहा है। कांग्रेस यहां से सात बार और भाजपा पांच बार जीत चुकी है। लोहरदगा में हार जीत का अंतर भी बहुत कम रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में सुदर्शन भगत ने कांग्रेस के रामेश्वर उरांव को 6489 वोटों से हराया था। सुदर्शन भगत को 2 लाख 26 हजार 666 और रामेश्वर उरांव को 2 लाख 20 हजार 177 वोट मिले थे। लोहरदगा सीट पर इस बार झामुमो विधायक चमरा लिंडा चुनाव मैदान में नहीं है। लिंडा के मैदान में नहीं रहने से लोहरदगा की चुनावी गणित बदल गयी है। पिछले लोकसभा चुनाव में लिंडा तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे और उन्हें एक लाख 36 हजार से अधिक वोट मिले थे। 2009 के चुनाव में लिंडा दूसरे स्थान पर थे। उस चुनाव में वह एक लाख 44 हजार वोट लाकर सिर्फ आठ हजार वोट से सुदर्शन भगत से हार गये थे। लिंडा इस बार भी अपनी किस्मत आजमाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस और झामुमो उन्हें समझाने में कामयाब रहे। इस बार लोहरदगा में दोनों भगत आमने सामने होंगे।
पलामू में एनडीए की ओर से भाजपा के वर्तमान सांसद वीडी राम चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ महागठबंधन की ओर से राजद के घूरन राम डटे हुए हैं। वीडी राम ने 2014 के चुनाव में राजद के मनोज कुमार को 2 लाख 64 हजार 242 वोटों से हराया था। इस बार राजद ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है।
मौजूदा राजनीतिक परिदृश््य में भाजपा को पहले चरण में उक्त तीनों सीटों पर अपनी साख बचाने की चुनौती है। उधर महागठबंधन भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश में है।