Fri. Apr 26th, 2024

बजट सत्र का दूसरा चरण पूरा चलेगा : सरकार

Share this News

नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। सरकार ने तमाम अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि संसद बजट सत्र अपने तय समय पर खत्म होगा। पिछले कुछ दिनों से संसद के गलियारों में इस तरह की चर्चा चल रही थी कि लगातार गतिरोध और हंगामे के चलते सरकार सत्र को समय से पहले ही समाप्त कर देगी। लेकिन सरकार ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। शुक्रवार को संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार के मुताबिक, ‘यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि सत्र समय से पहले खत्म हो जाएगा। कांग्रेस का यह दुष्प्रचार और सदन नहीं चलने देना, दोनों ही लोकतंत्र के खिलाफ है। सरकार ने 6 अप्रैल तक बजट सत्र का समय निर्धारित किया है| हमारा इरादा उसे तब तक चलाने का है| भले ही कांग्रेस, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और अखिल भारतीय अन्नाद्रमुक मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) हंगामा करके संसद नहीं चलने दे।’ दरअसल 5 मार्च से बजट सत्र का दूसरा भाग शुरू हुआ है तब से आज तक संसद सुचारू नहीं चल सकी है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाला और आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने जैसे आदि मामलों पर संसद में हंगामा होने से संसद ठप पड़ गयी है। गतिरोध को खत्म करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सभी दलों की एक बैठक भी बुलाई थी जिसमे कोई हल नहीं निकल सका। कांग्रेस और बाकी विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार की ओर से संसद के गतिरोध को खत्म करने की कोई कोशिश ही नहीं की गई जबकि सरकार उल्टे कांग्रेस पर पीएनबी घोटाले पर चर्चा से भागने का आरोप लगा रही है। अब तक बजट सत्र के दूसरे भाग में केवल बजट और वित्त विधेयक पारित करने का ही काम हो सका है| वह भी जबरदस्त हंगामे के बीच। ऐसे में अटकलें शुरू हो गई थीं कि क्या 6 अप्रैल से पहले सत्र को समाप्त कर दिया जाएगा या फिर गतिरोध खत्म किया जाएगा।