Sun. Apr 28th, 2024

बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव मदद, 6 – 6 हजार रुपये की सहायता देगी सरकार- तारकेश्वर सिंह

Share this News

नवनीत मिश्रा

छपरा- भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक श्री तारकेश्वर सिंह ने आज मशरक प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जायजा लिया। श्री सिंह ने घोघारी नदी और गंडक नदी का बांध टूटने के चलते आई बाढ़ के पानी से प्रभावित मशरक प्रखंड के कर्ण कुदरियाँ पंचायत के लखनपुर, कर्ण कुदरियाँ, चांद कुदरियाँ, हरपुर जान, सिसई, चालीस आर डी, कवलपुरा, गांव के प्रभावित लोगों का हाल- चाल पूछा। इन सब गांव के हजारों लोग अपना घर छोड़कर पलायन कर गए है। इन सब इलाको का जन- जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
श्री सिंह ने सभी विस्थापित कर्ण कुदरियाँ गोलंबर, कुदरियाँ नहर एवं ऊंचे जगहों पर शरण लिए हुए बाढ़ पीड़ितों का कुशल- क्षेम पूछा और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। बाढ़ पीड़ितों ने बताया की उनके घर द्वार, खेत, खलिहान, फसलें सब नष्ट हो गयी है।
श्री सिंह ने कहा की मैने कल ही जिलाधिकारी, सारण से दूरभाष पर बात कर अबिलम्ब बाढ़ पीड़ितों के लिए तिरपाल, मवेशियों के लिए चारा, जीवन रक्षक दवाईयां, और सामुदायिक रसोई खोलने का आग्रह किया था। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया की बाढ़ पीड़ितों की सेवा के लिए पूरा जिला प्रशासन एवं प्रखंड के प्रखंड विकास अधिकारी, अंचल अधिकारी मुस्तैद है। किसी भी चीज की कमी नही होने दी जायेगी।
श्री सिंह ने कहा की मशरक प्रखंड में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए मैंने बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी एवं जिलाधिकारी, सारण से बाढ़ के बचाव का उचित प्रबंध, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जीवन रक्षक औषधियां के साथ ही नाव और एस डी आर एफ की टीम की व्यबस्था करने का आग्रह कर दिया था। इस संदर्भ में उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिया था की ताकि समय रहते प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। इस दौरान कई जंगली जानवर भी आबादी वाले क्षेत्र में आ जाते है इसलिए वन विभाग को भी समुचित कारवाई करने के लिए भी कह दिया गया था।
श्री सिंह ने कहा की राज्य सरकार की ओर से सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों को छह- छह हजार रुपये की सहायता दी जायेगी इसके लिए सूची अधतन करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही पानी कम होते ही कृषि विभाग फसलों व बिचड़ों के नुकसान का सर्वेक्षण करेगा। नुकसान की भरपाई के लिए कृषि इनपुट अनुदान के साथ ही मृत मवेशियों व कच्चे मकानों की क्षति के लिए भी राशि दी जाएगी।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने में श्री सिंह के साथ भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी त्रिभुवन तिवारी,जिला कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व मुखिया रणवीर राज ,भाजपा युवा अध्यक्ष विवेक नाथ तिवारी, सुनील कुमार सिंह कवलपुरा,प्रमोद सिंह,मुख रूप से सम्मिलित थे।