Sat. Apr 27th, 2024

अनेक भाषाओं की जननी व संस्कारित भाषा है संस्कृत

Share this News

बी.बी.एन-प्रमोद कुमार

मोतिहारी-संस्कृत भाषा संस्कारित भाषा है। देवभाषा नाम से विख्यात संस्कृत भाषा प्राकृत,पाली,अपभ्रंश और हिन्दी भाषाओं के साथ अनेक भाषाओं की जननी है। इसमें जहाँ प्राकृतिक देवताओं से संबद्ध वैदिक साहित्य है,वही समाज के नैतिक,धार्मिक,पौराणिक एवं सांस्कृतिक रूप का समुचित चित्रण करने वाला लौकिक साहित्य भी है। उक्त विचार सोमवार को महर्षिनगर स्थित आर्षविद्या शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान-वेद विद्यालय में “श्रावणी उपाकर्म सह संस्कृत दिवस ʼʼ के अवसर पर विभाग प्रचारक रौशन राणा ने व्यक्त किया। प्राचार्य सुशील कुमार पाण्डेय ने कहा कि संस्कृत भारत की विविध भाषाओं एवं लोक भाषाओं का रूप लेते हुए भारतीय संस्कृति की प्रधान धारा बनी हुयी है,साथ ही पूरे विश्व में व्यापकता,धार्मिकता एवं लौकिकता से परिपूर्ण है। उन्होंने श्रावणी उपाकर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रावणी पर्व वैदिक काल से शरीर,मन और इन्द्रियों की पवित्रता का पुण्य पर्व माना जाता रहा है। इस पर्व पर की जाने वाली सभी क्रियाओं का मूल भाव यही है कि बीते समय में मनुष्य से हुए ज्ञात-अज्ञात बुरे कर्म का प्रायश्चित करना और भविष्य में अच्छे कार्य करने की प्रेरणा देना। इस दिन रक्षाबंधन के अतिरिक्त ऋषियों के स्मरण,पूजन तथा उनके प्रति श्रद्धा-समर्पण का दिवस के रूप में मनाया जाता है।इस अवसर पर ऋषि पूजन,यज्ञोपवीत प्रतिष्ठा;वेद पूजन,रुद्राभिषेक एवं रक्षाबंधन आदि अनुष्ठान सम्पन्न किए गए।मौके पर रुपेश ओझा,जितेन्द्र त्रिपाठी,आलोक चन्द्र,राकेश तिवारी,मिथिलेश पाण्डेय,रवि प्रकाश गिरि,रुपेश कुमार,दीपक कुमार,अरुण तिवारी आदि मौजूद थे।