Fri. Apr 26th, 2024

मिड वेस्ट में बर्फानी तूफान से पाँच की मौत, हजारों फंसे

Share this News

लॉस एंजेल्स, 13 जनवरी (हि.स.)| अमेरिका के मिड वेस्ट में कैंसस से मिसूरी के बीच बर्फ़ानी तूफ़ान में शनिवार को देर सांय तक पाँच लोगों की मृत्यु हो चुकी है जबकि अनेक यात्री वाहन आठ से दस-दस इंच की बर्फ़बारी में फँसे हुए हैं। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बर्फ़ानी तूफ़ान मिड वेस्ट से ईस्ट की ओर बढ़ रहा है। शनिवार की रात तूफ़ान विर्जीनिया और वाशिंगटन डीसी की ओर बढ़ता जा रहा है। विर्जीनिया गवर्नर रालफ नरथम ने शनिवार को आपात स्थिति लागू कर दी है। इस आदेश के बाद सभी सरकारी संसाधनों को राहत कार्यों में झोंक दिया गया है। सेंट लूइस में दस इंच तक की बर्फ़बारी दर्ज की गई है। हज़ारों घरों में बिजली चली गई है। दूसरी तरफ कोलंबिया और मिसूरी में 13 इंच तक बर्फ़ गिरी है जिसने 109 वर्ष पुराना रिकार्ड तोड़ दिया है। मिसूरी गवर्नर माइक पियर्सन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों से बाहर नहीं निकलें। इस तूफ़ान का असर 1500 मील के दायरे में पड़ा है। इसमें अनेक राज्य चपेट में आ गए हैं।
भारी बर्फ़बारी के कारण रोशनी कम होने से सड़क पर दुर्घटनाएँ बढ़ रही हैं। मिसूरी हाइवे पेट्रोल पुलिस के अनुसार कैंसस के दक्षिण पूर्व में अस्सी मील दूर क्लिंटन में शुक्रवार की रात एक 14 वर्षीय लड़की और उसकी माँ की गाड़ी फिसल कर सेमी ट्रेलर से जा भिड़ी और माँ-बेटी ने वहीं दम तोड़ दिया। इसी तरह एक अन्य महिला की गाड़ी मिसूरी के उत्तरी दिशा में आ रहे एक वाहन से भिड़ गयी जिससे महिला की मौत हो गयी । एक अन्य सड़क दुर्घटना में 62 वर्षीय वृद्ध की मृत्यु हो गई।