70 वर्ष बाद राजपथ पर परेड के दौरान पहली बार बजेगी भारतीय ‘मार्शल धुन’

Share this News

नई दिल्ली (हि.स.)। स्वतंत्र भारत का 70वां गणतंत्र दिवस समारोह कई मायनों में खास होगा। इस बार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के मद्देनजर जहां सभी 22 झांकियों की थीम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को केंद्र में रखकर तैयार की गई है वहीं भारतीय गणतंत्र के सत्तर वर्ष के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब भारतीय सेना के जवानों की ‘मार्शल धुन’ भी भारतीय ही होगी, जिसे किसी सेना के कैडर का न होकर एक सामान्य महिला द्वारा संगीतबद्ध किया गया है।
सेना के मार्च पास्ट के दौरान यह धुनें जवानों के साथ-साथ सुनने वालों के मन में भी साहस और जोश का भाव जागृत करती हैं। भारतीय सेना के बैंड की विशेषता के रूप में पहचानी जाने वाली ‘मार्शल ट्यून’ को नागपुर की संगीतकार प्रो. डॉ. तनूजा नाफडे ने संगीतबद्ध किया है।
‘हिन्दुस्थान समाचार’ से विशेष बातचीत में डॉ तनूजा नाफडे ने बताया कि उन्हें 2016 में भारतीय सेना की महार रेजिमेंट के लिए धुन बनाने का अवसर मिला था। उनके द्वारा बनाई गई वह धुन ‘देश को आंच न आने दी, रौंदा अरी को बार-बार’ अब सेना की ‘मार्शल ट्यून’ बन गई है।
दिल्ली के मानेकशाह सभागार में गत वर्ष 7 अक्टूबर को सेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत और अन्य सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में ‘शंखनाद’ मार्शल ट्यून राष्ट्र को समर्पित की गई थी। अब उसे भारतीय सेना की मार्शल धुन का दर्जा मिल गया है। शनिवार को गणतंत्र दिवस परेड की शुरूआत इसी शंखनाथ मार्शल धुन से होगी। इसके बाद शेष अन्य धुनें बजेंगी।
नागपुर के धरमपेठ कॉलेज में प्रोफेसर डॉ नाफडे ने बताया कि शंखनाथ स्वतंत्र भारत की ही नहीं बल्कि विश्व की पहली मार्शन ट्यून है जो भारतीय शास्त्रीय संगीत पर आधारित है। शंखनाथ की संगीत रचना राग बिलसखनी तोडी, राग भैरवी और राग किरवानी पारंपरिक रागों का संयोजन है। तीनों रागों को मिलाकर बने संगीत को वेस्टर्न बीट्स, वेस्टर्न कार्ड और वेस्टर्न हार्मनी के साथ वीर और करुण रस के भावों को जगाने के लिए इस्तेमाल किया गया है।
यह भी भारतीय मार्शल संगीत परंपरा के इतिहास में पहली बार है कि एक मार्शल धुन एक महिला संगीतकार द्वारा तैयार की गई है। विश्व के इतिहास में सर्वप्रथम सेना की मार्शल ट्यून किसी सेना के कैडर का न होकर एक सामान्य व्यक्ति द्वारा संगीतबद्ध की गई है।
उन्होंने बताया कि सेना के बैंड वादकों की शिक्षा वेस्टर्न स्टाईल के संगीत के अनुसार होती है। उन्हें यह भारतीय पद्धति से बनी धुन प्रस्तुत करना सिखाना अत्यंत कठिन काम था।