Wed. May 15th, 2024

पूरे बिहार में अलर्ट जारी, अगले 5 दिन तक रहें सावधान

Share this News

पूरे बिहार में अलर्ट जारी, अगले 5 दिन तक रहें सावधान

बिहार में खतरनाक लू का कहर जारी है। अगले 5 दिनों में मुसीबत और बढ़ने वाली है। लोगों से सावधान रहने के लिए कहा गया है। बिहार के 6 शहर ऐसे हैं जहां खतरनाक लू चल रही है। वहीं बाकी शहरों में भी गर्म हवा ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने पूरे बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

HIGHLIGHTS

  • 40 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक, पटना में 41.2 डिग्री
  • दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान में वृद्धि होने के आसार
  • 44.4 डिग्री के साथ शेखपुरा प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा.

पटना। Bihar Weather: गर्म हवा के झोंकों से पूरा प्रदेश झुलस रहा है। भीषण गर्मी से दिन में ही नहीं, रात में भी राहत नहीं मिल रही है। राज्य में भीषण गर्मी का कहर अगले पांच दिनों तक जारी रहने के आसार हैं। शनिवार को शेखपुरा राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां पर अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना में 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

शेखपुरा में दिनभर भीषण उष्ण लहर जारी रही। वहीं, भागलपुर, नवादा, बांका एवं खगड़िया में उष्ण लहर चलती रही। इन शहरों के साथ राज्य के 40 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की उम्मीद है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों का कहना है कि पूरे प्रदेश में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी रहेगी। ऐसे में लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है। गर्म हवा से बचाव के लिए सुरक्षा बहुत जरूरी है।

पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी एसके पटेल का कहना है कि अगले पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। खासकर उत्तरी एवं पश्चिमी बिहार के लिए गर्म हवा के झोंके चलने की उम्मीद है। कुछ जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है।

चेहरा ढंक कर ही निकलें बाहर

पीएमसीएच के वरिष्ठ चिकित्सक डा. अशोक कुमार का कहना है कि वर्तमान में गर्मी से बचने के लिए जरूरी है कि दोपहर में निकलने से परहेज करें। अगर निकलना जरूरी है तो चेहरा ढंक कर ही निकलें। भरपूर ठंडा पानी पी लें। खाली पेट घर से गर्म हवा में निकलना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। दोपहर में 12 बजे के बाद बेवजह घर से निकलने से परहेज करें।

सुबह दस बजते ही हवा हो जा रही गर्म

सुबह दस बजे ही राजधानी समेत प्रदेश के अधिकांश भागों की हवा गर्म हो जा रही है। दोपहर 12 बजे तक वातावरण इतना गर्म हो जा रहा है कि लोगों का चेहरा जलने लग रहा है। इस तरह की स्थिति शाम पांच बजे तक बनी रह रही है। सूर्यास्त के बाद ही लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। हालांकि, तपिश रात आठ बजे तक जारी रह रही है। शनिवार को राजधानी में गर्मी का कहर इतना गंभीर था की कई सड़कों पर यातायात सामान्य से कम रहा।