महाशिवरात्रि की कहानी लेखकों की जुबानी

Share this News

नइहर के यज्ञ में पति का अपमान हो तो पत्नी उसी यज्ञ के हवन-कुण्ड में कूद कर आत्मदाह कर ले… और सम्बन्धों में समर्पण ऐसा कि पुनर्जन्म ले और तमाम सामाजिक अवरोधों को पार करते हुए पुनः उसी पति का वरण करे!” सोच कर देखिये, दाम्पत्य जीवन के आदर्श निर्वहन, पति-पत्नी के सम्बन्धों में समर्पण का ऐसा उदाहरण पूरे विश्व के इतिहास में दूसरा कोई नहीं। लगता है जैसे “पति हो तो भोलेबाबा जैसा, और पत्नी हो तो माता पार्वती जैसी…” शायद तभी सिया स्वयम्बर के लिए जनक बाबा ने शिव का धनुष रखवाया था, और राम को पति रूप में पाने की प्रार्थना करने सिया माता पार्वती के मंदिर में गयीं थीं। राम ने शिव का धनुष तोड़ा तो राम-सिया ने सचमुच अपने सम्बन्धों को शिव-पार्वती की भांति ही निभाया भी…

शिव-पार्वती का शास्त्रीय रूप जो भी हो, मुझे उनका लोक-रूप ज्यादा पसंद आता है। भारत का असली सौंदर्य यही है कि भारतीय लोक ने देवताओं तक को अपने जैसा गढ़ लिया। छोटी-छोटी बातों पर पति से रूठने वाली पार्वती अपनी अम्मा-चाची जैसी लगती हैं, और बार-बार उन्हें मनाते शिव गाँव के किसी पुरनिया की तरह… शिव-पार्वती सृष्टि के सबसे आदर्श दम्पति हैं। देवता वह जो सीधे कलेजे में उतर जाय! माता सती के वियोग में चिल्लाते, उधम मचाते, तांडव करते शिव सचमुच हृदय में उतर जाते हैं।

पूर्वांचल के गाँवों में आज भी लोग सबसे अधिक भोले बाबा को ही गोहराते हैं। कोई संकट आये तब भी, कोई कामना हो तब भी… आज भी किसी के प्रेम में पड़ा हुआ कोई देहाती लड़का सबसे पहले महादेव को ही गोहराते हुए कहता है, “हे भोले बाबा, रमपतिया से हमार बियाह हो जाई त एक किलो लड्डू चढाएब!”

लोगों को सबसे अधिक भरोसा महादेव पर ही होता है। इस भरोसे का कारण है। शिव भारतीय परम्परा के एकमात्र देवता हैं जो लोक के लिए बाबा हैं। बाबा बोले तो ग्रैंडफादर… भारत के बच्चे जानते हैं कि बाबा ही हैं जो जेब मे पैसा न होने पर भी बड्डे के दिन साइकिल खरीद के देंगे… शिव सनातन के इसी विश्वास के प्रतीक हैं।

शिव एकमात्र ऐसे देवता हैं जो नाचते भी हैं, गाते भी हैं, चौरस भी खेलते हैं, भांग भी खाते हैं, मस्त रहते हैं। भारत में दैनिक चिन्ताओं से मुक्त हो कर मस्त रहने वालों की एक लंबी परम्परा रही है। आज के युवाओं में भी यह मस्ती फैशन बन कर उभरी है। शिव यहाँ भी आदर्श हैं। वे विरक्ति के बाद भी न मर्यादा भूलते हैं न कर्तव्य! वे सबको पूरे मिलते हैं। पत्नी को,बच्चों को, गणों को… किसी से दूर नहीं होते, किसी को अकेला नहीं छोड़ते… ऐसे ही लोग पहले सम्मिलित परिवारों में “मालिक” कहलाते थे। शिव भारत के ‘मालिक’ हैं।मालिक! अपने बच्चों पर कृपा बनाये रखिये कि अपने जीवन में हर पति शिव हो और हर पत्नी सती